समाधान शिविर में एडीसी सुशील कुमार ने सुनीं आमजन की समस्याएं शिकायतों को संबंधित विभागों को मार्क कर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश समाधान शिविर में पेंशन, फैमिली आईडी, आवास, भूमि विवाद और बिजली पोल शिफ्टिंग से जुड़ी समस्याएं पहुंचीं
Posted On:
24 Aug 2026 3:40PM
कैथल, 24 अगस्त। आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें एडीसी सुशील कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें तत्काल संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए मार्क किया गया।
समाधान शिविर में गांव रामगढ़ पांडवा निवासी सोनिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ दिलवाने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनका मकान जर्जर स्थिति में है और उनके पति दिव्यांग हैं। मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भेजा गया।
इसी प्रकार गांव बाता निवासी एक महिला ने अपनी फैमिली आईडी में आय को ठीक करवाने की मांग रखी। इस शिकायत को CRID विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
कैथल के सिरटा रोड निवासी शकुंतला ने नगर परिषद से सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी की पेंशन जारी करवाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि पिछले करीब छह माह से उनकी पेंशन रुकी हुई है। एडीसी ने मामले को जिला नगर आयुक्त को कार्रवाई के लिए मार्क किया।
गांव खुराना निवासी करण सिंह ने जमीन की निशानदेही करवाने तथा भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। इस मामले को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कैथल को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
इसके अलावा चंदाना रोड कैथल निवासी नकुल सैनी ने अपने खेत से एच-पोल (बिजली का खंभा) शिफ्ट करवाने का आवेदन दिया। मामले को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
एडीसी सुशील कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की जाए। प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित विभाग शिकायतों की कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द समाधान करें।

*****
(Release ID: 4421)