azadi ka amrit mahotsav

किसानों तक तकनीकों का प्रभावी लाभ पहुंचाने के साथ उनके परिणामों का वैज्ञानिक मूल्यांकन जरूरी : डॉ. नरेश कौशिक

कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुई 35वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक

Posted On: 24 Aug 2026 3:09PM

कैथल, 24 अगस्त। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि विज्ञान केंद्र कैथल में 35वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशालय के निदेशक डॉ. नरेश कुमार कौशिक रहे। बैठक में कृषि, बागवानी, कृषि अनुसंधान, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग से जुड़े वैज्ञानिकों, अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने भाग लिया। कृषि विज्ञान केंद्र के समन्वयक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि एवं समिति के सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट तथा वर्ष 2026-27 की कार्य योजना प्रस्तुत की।

          मुख्य अतिथि डॉ. नरेश कुमार कौशिक ने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा जिले में किए जा रहे प्रसार कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब केवल कार्यक्रमों की संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन कार्यक्रमों से किसानों को हुए वास्तविक लाभ और प्रभाव का वैज्ञानिक मूल्यांकन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कृषि तकनीकों के परिणामों को वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर किसानों के सामने प्रस्तुत किया जाना चाहिए, ताकि वे तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।

          डॉ. कौशिक ने सीधी बिजाई वाले धान, फसल अवशेष प्रबंधन, हरी खाद, लेजर लैंड लेवलिंग, प्राकृतिक खेती, जीरो टिल तथा सुपर सीडर जैसी संसाधन संरक्षण तकनीकों के प्रभाव का अध्ययन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों के मूल्यांकन में पानी की बचत, कृषि लागत में कमी, समय एवं ऊर्जा की बचत तथा मृदा स्वास्थ्य में सुधार जैसे महत्वपूर्ण मापदंडों को शामिल किया जाना चाहिए। 

          इस अवसर पर सहायक पौधा संरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, जिला बागवानी अधिकारी डॉ. हीरालाल,  क्षेत्रीय धान अनुसंधान संस्थान कौल के निदेशक डॉ. मेहर चंद, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. जोगिंदर सिंह, जोनी राणा, कुलवंत सिंह, नीलम,  रूपिंदर कौर तथा अन्य वैज्ञानिक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

          इस अवसर पर डॉ. जसबीर सिंह, डॉ. गुरनाम सिंह, डॉ. अमित कुमार, डॉ. दीपक कुमार एवं डॉ. प्रशांत कौशिक ने अपने-अपने कार्यक्रमों की वर्ष 2025-26 की प्रगति रिपोर्ट तथा वर्ष 2026-27 की कार्य योजना प्रस्तुत की।

 

*****

 


(Release ID: 4422)