अधिकारी विकास परियोजनाओं की बढ़ाए गति- उपायुक्त सतबीर सिंह
- विकास कार्यों में गुणवत्ता करें सुनिश्चित
- उपायुक्त ने विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
रोहतक, 24 अगस्त : उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की तथा उन्हें जारी विकास परियोजनाओं की गति बढ़ाने केे निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय पर पूर्ण किया जाए तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त सतबीर सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सर्वप्रथम जनस्वास्थ्य विभाग की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को इन विकास परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। विभाग द्वारा कन्हेली गांव स्थित 40 एमएलडी क्षमता के एसटीपी की क्षमता बढ़ाकर 60 एमएलडी किया जा रहा है, जिस पर 54 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी। यह कार्य दिसम्बर 2027 तक पूर्ण होगा।
सतबीर सिंह ने शहर में पुरानी सीवर लाइन बदलने के कार्य की समीक्षा की। विभाग द्वारा 70 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से सीवर लाइनों को बदला जा रहा है। सरकार द्वारा गत दिनों जिला में नियमित की गई 9 कालोनियों में सीवर लाइन डालने के कार्य पर 13 करोड़ से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। इसी तरह स्थानीय गोकर्ण से बरसाती पानी की निकासी के लिए 17 करोड़ रुपए से अधिक की राशि से डिस्पोजल का निर्माण किया जाएगा तथा पानी की निकासी के लिए नई पाईपलाइन डाली जाएगी, जिसे सितम्बर 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। शहर में 15 करोड़ रूपए की लागत से पुरानी सीवर लाइन को मजबूत किया जा रहा है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने शहर में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को शुद्ध व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाया जाए। शहर में लगभग 16.50 करोड़ रुपए की लागत से 45 किलोमीटर लम्बी पुरानी पेयजल पाईपलाइनों को बदला जा रहा है। अब तक पांच किलोमीटर पाईपलाइन बदली जा चुकी है। इसी तरह जेएलएन से ओपन नाला के स्थान पर 900 एमएम की 4.5 किलोमीटर लंबी पाईपलाइन व वाटर वर्क्स के टैंकों की भी रिमॉडलिंग के कार्य पर लगभग 27 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इसी तरह नगर निगम के आउटर आठ गांवों में वाटर सप्लाई को दुरूस्त करने के लिए 210 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
सतबीर सिंह ने महम स्टार्म वाटर सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि महम में 37 करोड़ रुपए की लागत से स्टार्म वाटर का कार्य जारी है, जिसे आगामी दो माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसी तरह महम में 80 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल आपूर्ति को बढ़ाने का कार्य जारी है, जिसे मार्च 2028 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। रोहतक शहर में भविष्य की पेयजल सप्लाई को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त जल भंडारण के लिए भी सरकार को प्रस्ताव भेजे गए हैं।
बॉक्स
सिंचाई विभाग के बाढ़ बचाव प्रबंधों की समीक्षा की गई
उपायुक्त सतबीर सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ जिला में बाढ़ बचाव परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जिला में सरकार द्वारा 33 बाढ़ बचाव कार्य स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 30 पूर्ण कर लिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों के साथ डे्रनों की सफाई तथा जल निकासी के लिए किए गए प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। जिला में 40 गांवों में कृषि भूमि से जल निकासी का कार्य किया जा रहा है। सिंचाई विभाग की लगभग एक सौ मोटर कृषि भूमि से जल निकासी के कार्य में लगाई गई हैं।
बॉक्स
लोक निर्माण विभाग की विकास परियोजनाओं की हुई समीक्षा
उपायुक्त सतबीर सिंह ने लोक निर्माण विभाग की विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु सम्पन्न होते ही शहर की मुख्य सडक़ को ठीक करवाया जाए। इस कार्य पर लगभग 13 करोड़ रूपए की राशि खर्च की जाएगी। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के गेट नम्बर-2 से हिसार बाईपास तक मुख्य सडक़ को दुरूस्त करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भिवानी रोड पर डे्रन नम्बर-8 की पटरी पर सडक़ का निर्माण करवाया जाएगा। स्थानीय श्याम कॉलोनी व इंदिरा कालोनी में लगभग 8.5 करोड़ रूपए की लागत से अंडरपास का निर्माण प्रस्तावित है। विभाग द्वारा काहनी गांव 19 किलोमीटर लंबी सडक़ का 11 करोड़ रूपए की धनराशि से दोबारा निर्माण करवाया जाएगा। मोखरा गांव में स्टेडिय़म के भवन के निर्माण को शीघ्र दोबारा शुरू करवाया जाएगा।
उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों के साथ जिला में उपलब्ध खेल सुविधाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ ग्रामीण क्षेत्र में विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता शिवराज, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल तथा संबंधित विभागों के कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह, संजीव कुमार, अरूण कुमार एवं विजय दलाल, राजीव राठी, राजेश भारद्वाज, नवीन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो-004 से 006
----- 00000000-------
*****