azadi ka amrit mahotsav

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चमारिया में मेगा सर्विस कैंप आयोजित

- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा करवाया गया आयोजन

- सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने कैम्प का किया शुभारंभ, उपमंडलाधीश आशीष कुमार भी रहे मौजूद

Posted On: 24 Aug 2026 5:22PM
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चमारिया में मेगा सर्विस कैंप आयोजित
- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा करवाया गया आयोजन
- सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने कैम्प का किया शुभारंभ, उपमंडलाधीश आशीष कुमार भी रहे मौजूद
रोहतक, 24 अगस्त: जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के नेतृत्व में चमारिया गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मेगा सर्विस कैंप आयोजित किया गया। कैंप में चमारिया, सिसरोली, बसंतपुर, जिन्दराण तथा ब्राह्मणवास सहित आसपास के गांवों के लगभग 4850 व्यक्तियों  ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया।
मेगा सर्विस कैंप में विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थाओं द्वारा हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। इनमें निर्वाचन विभाग, आयुष विभाग, परिवार पहचान पत्र, इंतकाल एवं जमाबंदी, आधार कार्ड, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, हरियाणा रोडवेज, लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, एमडीडी ऑफ इंडिया एनजीओ, विभिन्न बैंक सहित अन्य विभाग शामिल रहे। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
बॉक्स
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने शिविर का किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। विद्यार्थियों की सराहनीय प्रस्तुति के उपरांत डॉ. तरन्नुम खान द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नायब तहसीलदारी विजेंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान एवं उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने मेगा सर्विस कैंप में लगाए गए विभिन्न हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों द्वारा आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कैंप में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।
हेल्प डेस्क के निरीक्षण के उपरांत डॉ. तरन्नुम खान एवं आशीष कुमार द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। मेगा सर्विस कैंप का मुख्य उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं एवं योजनाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा लोगों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने कार्यक्रम की सफलता को प्रदर्शित किया।
फोटो-007 से 009
----- 00000000-------

 

*****

 


(Release ID: 4446)