चंडीगढ़, 24 अगस्त - हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम की अध्यक्षता में सोमवार को जींद में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। समिति अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री के समक्ष बैठक में कुल 13 शिकायतें समाधान के लिए रखी गईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष 3 मामलों में विस्तृत जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर डीसी डॉ वैशाली शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री कुलदीप सिंह भी मौजूद रहे।
खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम के समक्ष जींद से गुजरते हुए एनएचएआई पर नॉर्म्स के अनुसार आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के बारे में शिकायत रखी गई, जिसमें समिति अध्यक्ष ने जांच अधिकारी से विस्तृत जानकारी लेने उपरान्त एवं शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर शेष बचा काम जल्द ही करवाने के लिए कहा। बैठक में एनएचएआई के किसी अधिकारी के मौजूद न रहने पर राज्य मंत्री ने कड़ा संज्ञान लेते हुए इसकी रिपोर्ट लिखित रूप में नोटिस के माध्यम से सैक्रेटरी एनएचएआई को देने के लिए कहा। बैठक में गांव बीबीपुर में 2012 में अॅलाट हुए बीपीएल परिवारों को प्लाॅटों के उपर से बिजली लाईन की वजह से मकान न बनाए जाने की समस्या रखी गई। इस पर समिति अध्यक्ष ने संज्ञान लेते हुए डीडीपीओ को निदेशक विकास एवं पंचायत विभाग को बराबर पड़ी पंचायती जमीन पर प्रभावित हो रहे चार प्लांटों का स्थानातरण प्रस्ताव भेजने के लिए कहा और मामले की जांच के लिए एडीसी की जिम्मेदारी लगाई। इसी प्रकार से उन्होंने अन्य शिकायतों बाबत भी निर्देश दिए।
खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कष्ट निवारण समिति की बैठकों का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। गौरव गौतम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में हरियाणा कल्याण विभाग के चेयरमैन कैप्टन श्री योगेश बैरागी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जवाहर सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री तेजेन्द्र ढूल, अतिरिक्त उपायुक्त श्री प्रदीप कुमार भी मौजूद थे।
क्रमांक - 2026
*****