azadi ka amrit mahotsav

हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता लोहचब ने विभिन्न संस्थानों का किया निरीक्षण

Posted On: 25 Aug 2026 10:28AM
PrintRelease

नारनौल, 24 अगस्त। हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता लोहचब ने आज क्षेत्र के विभिन्न सरकारी संस्थानों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों से जुड़ी सुविधाओं का जमीनी स्तर पर मूल्यांकन करने के लिए विस्तृत समीक्षा अभियान चलाया।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता लोहचब ने सबसे पहले स्थानीय महिला थाने का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, महिला शिकायतों के निवारण की स्थिति और परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। सुनीता लोहचब ने थाना अधिकारियों से महिला अपराधों से संबंधित मामलों की जांच कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर बिना किसी देरी के त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें समय पर न्याय मिल सके। इस मौके पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता लोहचब ने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके बाद उन्होंने सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर महिला वार्ड, प्रसूति विभाग और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का मूल्यांकन किया। उन्होंने भर्ती महिला मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर दवाइयों, सफाई व्यवस्था तथा भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। दौरे के दौरान उन्होंने जिला जेल का भी निरीक्षण किया। जेल परिसर में वे महिला बंदियों के बैरकों में गईं और उनकी रहने की स्थिति, स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा प्रबंधों तथा खान-पान की व्यवस्था का निरीक्षण किया। सुनीता लोहचब ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि महिला बंदियों के मानवाधिकारों का पूर्ण पालन हो और उन्हें आवश्यक कानूनी सहायता व स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिलती रहें।
दौरे के अंत में उन्होंने 'वन-स्टॉप सेंटर' (सखी केंद्र) का भी निरीक्षण किया, जो आश्रय, कानूनी सलाह और चिकित्सीय सहायता एक ही छत के नीचे प्रदान करता है। उन्होंने सेंटर के रिकॉर्ड देखा और वहां के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि हिंसा या किसी भी प्रकार की विपत्ति से पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत और परामर्श उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें संरक्षण और न्याय का भरोसा मिले।
इस अवसर पर महिला थाना एसएचओ मंजूशाह, महिला मोर्चा की जिला प्रभारी राजेश बाला, महामंत्री अरुणा कौशिक, वन स्टॉप सेंटर प्रशासक वंदना यादव, संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी सरिता शर्मा, हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता लोहचब के निजी सचिव अमित, नगर परिषद पूर्व उपाध्यक्ष मनोज जांगड़ा के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

 

*****

 


(Release ID: 4469)