azadi ka amrit mahotsav

प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान करें अधिकारी : एडीसी

समाधान शिविर में एडीसी सुशील कुमार ने सुनी आमजन की समस्याएं

Posted On: 27 Aug 2026 2:00PM

कैथल, 27 अगस्त। एडीसी सुशील कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े और उसे अपनी समस्या के समाधान के लिए दोबारा शिकायत दर्ज करवाने की आवश्यकता न पड़े।

          एडीसी सुशील कुमार वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की शिकायत सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय अवधि से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। शिकायत का समाधान करने के बाद संबंधित अधिकारी पोर्टल पर एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) अपलोड करना सुनिश्चित करें।

          शिविर के दौरान कैलरम निवासी बलराज की बिजली बिल दुरस्त करवाने से संबंधित शिकायत दर्ज करवाई। वहीं बिशनगढ़ गामड़ी निवासी देशराज ने अपने बिजली के बिल में नाम बदलवाने संबंधित आवेदन किया। इसी प्रकार पूंडरी से सुशील कुमार ने राजस्व विभाग से संबंधित तथा अमरगढ़ गामड़ी निवासी कुलदीप ने प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित अपनी समस्या रखी। इसके अलावा पुलिस, परिवार पहचान पत्र, जन स्वास्थ्य विभाग तथा पंचायत विभाग से संबंधित अन्य शिकायतें आई। जिन पर एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।

          उन्होंने कहा कि पोर्टल पर स्पष्ट और विस्तृत रिमार्क दर्ज किए जाएं। कई बार अधिकारियों के स्पष्ट रिमार्क नहीं होने के कारण शिकायतें लंबित दिखाई देती हैं। इसलिए जांच रिपोर्ट सहित पूरी जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने बताया कि जिला और उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन इनका लाभ उठाएं। इस अवसर पर डीएसपी रमेश चंद्र, डीआरओ चंद्र मोहन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

*****

 


(Release ID: 4572)