CS Press Release
azadi ka amrit mahotsav

हरियाणा सरकार ने विभागों को दिए निर्देश

कॉमन कैडर ग्रुप-डी पदों की नवीनतम रिक्तियों का करें सत्यापन एवं ऑनलाइन अपडेशन

विभागों को एचकेसीएल रिक्विजिशन पोर्टल पर 11 सितंबर तक अपलोड करना होगा रिक्तियों का विवरण

Posted On: 27 Aug 2026 5:38PM

चंडीगढ़, 27 अगस्त-हरियाणा सरकार ने कॉमन कैडर ग्रुप-डी पदों की वास्तविक एवं नवीनतम रिक्तियों का मिलान, सत्यापन और ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभागों के अधीन ग्रुप-डी पदों की रिक्तियों का रिकॉर्ड विभागीय अभिलेखों और एचआरएमएस से मिलान कर एचकेसीएल रिक्विजिशन पोर्टल पर 11 सितंबर, 2026 तक अपडेट करना होगा।

 

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा इस संबंध में जारी पत्र में बताया गया है कि कॉमन कैडर ग्रुप-डी कर्मचारियों के आवंटन एवं नियुक्ति में कुछ कठिनाइयां सामने आ रही हैं। संबंधित कार्यालयों में रिक्त पद उपलब्ध न होने, रिक्तियों से संबंधित आंकड़ों में त्रुटि अथवा अंतर तथा अन्य प्रशासनिक कारणों के चलते कर्मचारियों के आवंटन और नियुक्ति की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

 

इसके अलावा, विभाग द्वारा अनुकंपा आधार पर नियुक्तियां भी की गई हैं। वहीं, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) द्वारा विज्ञापन संख्या 04/2018 के परिणाम दिनांक 29 मई, 2026 के तहत ईएसपी श्रेणी में अनुशंसित कई उम्मीदवार विभिन्न विभागों में कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं। इन नियुक्तियों और कर्मचारियों के कार्यभार ग्रहण करने के कारण ग्रुप-डी पदों की रिक्तियों की स्थिति समय-समय पर बदलती रही है।

 

जारी पत्र के अनुसार रिक्तियों का विवरण अपडेट करते समय अब तक की गई सभी नियुक्तियों और ग्रुप-डी कर्मचारियों के कार्यभार ग्रहण करने की स्थिति को ध्यान में रखना होगा। पोर्टल पर केवल उन्हीं पदों को रिक्त दर्शाया जाएगा, जो वास्तव में खाली हैं और कर्मचारियों के आवंटन एवं नियुक्ति के लिए उपलब्ध हैं।

 

विभागाध्यक्षों को रिक्तियों के सत्यापन और ऑनलाइन अपडेट के बाद एक प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा। विभागाध्यक्ष द्वारा हस्ताक्षरित इस प्रमाण-पत्र में यह प्रमाणित करना होगा कि पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई रिक्तियों की जानकारी सही, पूर्ण और सटीक है तथा विभागीय रिकॉर्ड एवं एचआरएमएस के साथ उसका विधिवत सत्यापन किया गया है।

 

सरकार ने इस कार्य को निर्धारित समय- सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कॉमन कैडर ग्रुप-डी कर्मचारियों के पद आवंटन एवं नियुक्ति की प्रक्रिया सुचारू और समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

 

क्रमांक -2026


 

*****

 


(Release ID: 4607)