Agriculture and farmer welfare
एग्रीस्टैक के तहत किसान आईडी जरूर बनवाएं : उपायुक्त
-एग्रीस्टैक किसान आईडी से डिजिटल कृषि व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
-किसान आईडी बनवाने से योजनाओं का लाभ लेना होगा आसान
-बीपीएल कार्ड, पेंशन व पीएम किसान सम्मान निधि पर नहीं पड़ेगा कोई असर
Posted On:
06 Sep 2026 4:58PM
पलवल, 6 सितंबर। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे एग्रीस्टैक के तहत अपनी किसान आईडी अवश्य बनवाएं। किसान आईडी किसानों की डिजिटल पहचान के रूप में कार्य करेगी और इससे कृषि भूमि तथा किसान से संबंधित जानकारी को डिजिटल माध्यम से एक-दूसरे से जोड़ने में सुविधा होगी।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि किसान आईडी बनने से किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, सब्सिडी, फसल बीमा तथा अन्य किसान हितैषी सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। भविष्य में फसल मुआवजा, कृषि सब्सिडी और अन्य सहायता योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने में भी किसान आईडी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने किसानों को स्पष्ट किया कि किसान आईडी बनवाने से बीपीएल कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित वर्तमान में मिल रहे अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसलिए किसान बिना किसी भ्रम या संकोच के अपनी किसान आईडी बनवाएं और डिजिटल कृषि व्यवस्था से जुड़ें।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि किसान अपनी किसान आईडी बनवाने के लिए नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर/अधिकृत केंद्र, पटवारी या कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। किसान अपने साथ आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा आवश्यक भूमि संबंधी दस्तावेज लेकर जाएं। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे गांवों में किसानों को किसान आईडी के महत्व और इसके लाभों के बारे में जागरूक करें तथा पात्र किसानों को आईडी बनवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें।उपायुक्त ने जिले के सभी किसानों से आह्वान किया कि वे जल्द से जल्द किसान आईडी बनवाकर डिजिटल कृषि व्यवस्था का हिस्सा बनें और सरकार की किसान हितैषी सेवाओं का सुगम लाभ उठाएं।000
*****
(Release ID: 5226)