azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं सुशासन को जन-जन तक पहुंचाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ : उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर

-पलवल जिला में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

-सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आमजन को 'सेवा संकल्प अभियान' से जोड़ने के निर्देश

-'सेवा संकल्प अभियान' में पलवल जिला की प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी किया जाएगा प्रदर्शित

Posted On: 06 Sep 2026 4:57PM
पलवल, 6 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जिला पलवल में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को इन कार्यक्रमों से जोड़ा जाए।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों को विकसित भारत@2047 के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पलवल जिला भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जिला के विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभवों को आमजन के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा।

हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि 17 सितंबर की शाम जिला के प्रत्येक बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों एवं आमजन के घर जाकर दीया जलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सूची तैयार की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र लाभार्थी अभियान से छूटने न पाए।
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, विश्वास, आभार और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बने। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के अनुभवों को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से साझा किया जाएगा।

पलवल जिला की प्रमुख विकास परियोजनाओं को किया जाएगा प्रदर्शित

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पलवल जिला में पिछले वर्षों के दौरान पूर्ण हुई प्रमुख विकास परियोजनाओं तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं को चिन्हित किया जाए। इनमें सड़क एवं परिवहन सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, ग्रामीण विकास, खेल सुविधाओं, ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाओं, महिला एवं बाल विकास, किसानों से संबंधित योजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से आमजन को मिले लाभ की जानकारी भी प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाई जाए। प्रमुख स्थानों पर विकास यात्रा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।

स्कूलों में होंगी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों में चित्रकला, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना और सपनों को चित्र एवं शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक विद्यालयों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा तथा श्रेष्ठ चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से गांव-गांव पहुंचेगा विकास का संदेश

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’ नामक संगीतमय नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में देश में आए सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव को कला एवं संस्कृति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्यक्रम को जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्थानों पर आयोजित किया जाए, ताकि आमजन तक विकास एवं जनकल्याण का संदेश पहुंच सके।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर होंगे विशेष कार्यक्रम

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष उत्सव आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा तथा महिलाओं एवं माताओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मिशन इंद्रधनुष सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभवों को ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को सामने लाया जाए।

‘सेवा सेतु’ शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के विभिन्न ब्लॉकों में विशेष ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के संबंध में भी पात्र महिलाओं को जागरूक करने तथा आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहायता प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जाए।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे नागरिक

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों को कम से कम 25 मिनट समाज सेवा के लिए देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अंतर्गत रक्तदान, पौधरोपण, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता, जरूरतमंदों की सहायता तथा अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

युवाओं एवं नवाचार से जुड़े प्रतिभागियों को मिलेगा मंच

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के तहत जिले के युवा इनोवेटर्स, स्टार्टअप्स तथा नवाचार के क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि पलवल जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के मंचों से जोड़ने के लिए संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करें तथा स्थानीय स्तर पर भी युवाओं को नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

‘सेवा ज्योति’ के माध्यम से लिया जाएगा विकसित भारत का संकल्प

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ‘सेवा ज्योति’ अर्थात संकल्प मशाल यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें युवा, नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सामूहिक संकल्प लेंगे। उपायुक्त ने कहा कि इन यात्राओं के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं, जिनमें जिले में हुए विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर चर्चा की जाए।

जनभागीदारी से सफल होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने में प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पलवल जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को एक व्यापक जन-अभियान का रूप दिया जाएगा, ताकि सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को प्रत्येक गांव, प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सके।
000

 

*****

 


(Release ID: 5227)