Skill development and Industrial training
azadi ka amrit mahotsav

आईटीआई में दाखिले की अंतिम तिथि 7 सितंबर

- इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें : प्रधानाचार्य

- तकनीकी एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण से रोजगार व स्वरोजगार के बढ़ते अवसर

- मेरिट कार्ड दोपहर 12 बजे तक जमा, इसके बाद शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया

Posted On: 06 Sep 2026 4:57PM
पलवल, 6 सितंबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पलवल में उपयुक्त डा.जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश लेने के प्रवेश प्रक्रिया जारी है, प्रवेश की अंतिम तिथि 7 सितंबर 2026 है। ऐसे विद्यार्थी जो अब तक किसी कारणवश अभी तक आईटीआई में दाखिला नहीं ले पाए हैं, वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

राजकीय आईटीआई पलवल के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर के लिए आईटीआई में प्रवेश का यह अवसर न चूकें। उन्होंने कहा कि आईटीआई के माध्यम से युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्र में रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं।

प्रधानाचार्य ने बताया कि संस्थान में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे तक मेरिट कार्ड जमा किए जाते हैं तथा इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाती है। इसलिए इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समय से पहले संस्थान में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज एवं प्रवेश संबंधी प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी एवं कौशल आधारित शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में रोजगार हासिल करने के साथ-साथ अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं।

प्रधानाचार्य भगत सिंह ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे 07 सितंबर 2026 को अंतिम तिथि मानते हुए बिना किसी देरी के प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें तथा इस महत्वपूर्ण जानकारी को अन्य इच्छुक एवं जरूरतमंद युवाओं तक भी पहुंचाएं।
000

 

*****

 


(Release ID: 5228)