रोहतक, 6 सितंबर। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे देश की भावी पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों में संस्कार, ज्ञान, कौशल, देशभक्ति और सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करें। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से देश की भावी पीढ़ी हर चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम होगी। उन्होंने सभी शिक्षकों को उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षक ही वह शक्ति हैं जो असंभव को भी संभव बना सकते हैं।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा रविवार को डीएलसी सुपवा में आयोजित शिक्षक सम्मान-2026 समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में प्रदेश के तीन जिलों रोहतक, हिसार व करनाल के शिक्षकों सम्मानित किया गया। महिपाल ढांडा ने कहा कि समारोह की विशेषता यह है कि शिक्षकों का चयन विद्यार्थियों द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से किया गया है। विद्यार्थियों द्वारा अपने पसंदीदा शिक्षकों का चयन उनके आचरण, व्यवहार और कार्यकुशलता पर विश्वास की मुहर है। उन्होंने इस पहल के लिए समाचार पत्र समूह की सराहना करते हुए कहा कि इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है।
महिपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के समक्ष विषय रखने के बाद अगले वर्ष से आईटीआई, तकनीकी एवं इंजीनियरिंग संस्थानों के शिक्षकों को भी शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में शिक्षकों की भूमिका निर्णायक है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में हरियाणा ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के प्रत्यक्ष परिणाम आने वाले समय में दिखाई देंगे। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के परीक्षा परिणामों में लगातार सुधार हो रहा है। शिक्षकों ने अपने संकल्प और मेहनत से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारा है। उन्होंने कहा कि अब अनेक सरकारी विद्यालयों में शत-प्रतिशत परिणाम के साथ विद्यार्थियों का मेरिट सूची में स्थान बनाना प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। इससे पहले शिक्षा मंत्री ढांडा ने विश्वविद्यालय परिसर में दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मेयर रामअवतार वाल्मीकि, शमशेर खरक, डीएलसी सुपवा की रजिस्ट्रार गुंजन मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक, चेयरमैन हरीश भारद्वाज, भाजपा युवा नेता दीपक निवास हुड्डा, पंकज भारद्वाज, विकास नांदल, एडवोकेट राजबाला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं शिक्षक मौजूद रहे।
*****