food, civil supplies and consumer affairs
azadi ka amrit mahotsav

धान खरीद को लेकर मंडियों में पुख्ता व्यवस्थाएं की जाए सुनिश्चित : उपायुक्त

-उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला मिलिंग कमेटी की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

-धान किसानों को फसल बेचने में न हो किसी प्रकार की परेशानी

-मंडी परिसरों में सफाई, पेयजल, बिजली व अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने पर रहा विशेष फोकस

-उपायुक्त डा. छिल्लर ने धान खरीद सीजन 2026-27 को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने पर दिया जोर

Posted On: 11 Sep 2026 6:02PM
PrintRelease पलवल, 11 सितंबर। खरीफ सीजन वर्ष 2026-27 के दौरान धान की खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला मिलिंग कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला मिलिंग कमेटी पलवल डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ धान खरीद सीजन के दौरान मंडियों में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं प्रबंधों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया की शुरूआत के लिए पहली अक्टूबर निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि जिला में हैफेड के चार, एचडब्ल्यूसी के 12 और एफसीआइ के पांच गोदाम हैंं

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला की सभी संबंधित मंडियों में धान खरीद से पहले आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। मंडी परिसरों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, सडक़ एवं पार्किंग सहित किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धान खरीद के दौरान किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडियों में फसल की आवक, खरीद, उठान तथा संबंधित प्रक्रियाओं के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

उपायुक्त ने बैठक में संबंधित खरीद एजेंसियों, मंडी अधिकारियों तथा अन्य विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आने वाली धान की फसल की खरीद निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाए तथा खरीद प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। विपणन सीजन 2026-27 के लिए सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रूपए प्रति क्विंटल और ग्रेड ‘ए’ धान का एमएसपी 2,461 रूपए प्रति क्विंटल तय किया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाते हुए धान खरीद सीजन को सफलतापूर्वक संपन्न करवाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि हैफेड, एचडब्ल्यूसी एवं एफसीआई के सभी गोदामों की लोकेशन मैप पर जियो-टैगिंग की जाए तथा संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। मिलर्स के पास स्टॉक के भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्टॉक के रखरखाव एवं खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने निर्देश दिए कि किसानों से एमएसपी से कम दर पर खरीद नहीं की जाए तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा मिलर्स और स्टॉक का नियमित रूप से फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाए। फसल की बिना गेट पास के एंट्री नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंडियों में अटल कैंटीन का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को वहां भोजन मिल सके। उन्होंने कहा कि मंडियों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था होनी चाहिए और उनकी नियमित निगरानी की जाए। फसल को बारिश अन्य कारणों से भीगने से बचाने के लिए पर्याप्त एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, एसडीएम होडल बलीना, एसडीएम हथीन हरिराम, डीएफएससी सौरभ चौयल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण व खरीद एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 5803)