Information, Public Relation and languages
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के लिए युवा क्विज में करें पंजीकरण: सीईओ सुरेश कुमार
माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर दिया जोर
राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को नेतृत्व एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का मिलेगा अवसर
Posted On:
12 Sep 2026 9:16AM
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के सफल आयोजन एवं जिले के युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद सुरेश कुमार की अध्यक्षता में माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जिले के महाविद्यालयों तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सीईओ जिला परिषद सुरेश कुमार ने कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 युवाओं को अपनी नेतृत्व क्षमता, नवाचार, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से युवाओं तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाएं और उन्हें सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं के लिए विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक गतिविधियां, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमिता चैलेंज और युवा संसद सहित विभिन्न ट्रैक आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक सोच को प्रदर्शित करने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 10 से 12 जनवरी, 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विकसित भारत चैलेंज के लिए युवाओं की चयन प्रक्रिया बहुस्तरीय एवं पारदर्शी होगी। इसकी शुरुआत डिजिटल माध्यम से आयोजित विकसित भारत क्विज से होगी। क्विज में सफल प्रतिभागियों को डिजिटल निबंध, जिला स्तरीय प्रस्तुति तथा राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के मुख्य कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि फतेहाबाद जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस अभियान में भाग ले सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे 20 सितंबर, 2026 से पहले माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर विकसित भारत क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।
बैठक में अधिकारियों ने जिले के शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों तथा अन्य युवा केंद्रित संस्थानों में कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करने पर सहमति व्यक्त की। समिति ने युवाओं तक कार्यक्रम की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने और जिले से अधिकाधिक प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई, जिला रोजगार अधिकारी राजेश कुमार, रेडक्रॉस सचिव रवि हुड्डा, एलडीएम लहरीमल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
*****
(Release ID: 5874)