azadi ka amrit mahotsav

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की जनसेवा को समर्पित कार्यप्रणाली से पलवल में सुशासन को मिल रही नई दिशा

-समाधान शिविर से सोशल मीडिया तक, आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेकर समाधान सुनिश्चित कर रहे उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर

Posted On: 12 Sep 2026 6:14PM
पलवल, 12 सितंबर। जनसेवा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और विश्वास का दायित्व है। इसी सोच के साथ पलवल जिला प्रशासन जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर नए प्रयास कर रहा है। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में जनसंवाद और त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया है, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्या जिला प्रशासन तक आसानी से पहुंचा सके और उस पर प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित हो।
उपायुक्त की इस जनसेवा को समर्पित कार्यप्रणाली का सकारात्मक असर जिला प्रशासन की कार्यशैली में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जहां समाधान शिविर को प्रभावी माध्यम बनाया गया है, वहीं सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों को भी जनसंवाद और शिकायत निवारण का सशक्त माध्यम बनाया गया है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की जनसेवा को समर्पित कार्यप्रणाली का मूल मंत्र स्पष्ट है, आमजन की बात सुनना, समस्या को समझना और समाधान सुनिश्चित करने के लिए तत्परता से कार्रवाई करना। यही प्रयास पलवल में सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बन रहा है।

सोशल मीडिया बना जिला प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सीधा माध्यम

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की पहल से आमजन अब सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी समस्याएं जिला प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण क्षेत्र, सडक़, सफाई, बिजली, पानी, जलभराव, सार्वजनिक सुविधाओं अथवा अन्य किसी जनसमस्या से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन के संज्ञान में लाई जा सकती है।
उपायुक्त का प्रयास है कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं को केवल सूचना के रूप में न लेकर संबंधित विभागीय अधिकारी तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस पहल से जिला प्रशासन और आमजन के बीच संवाद की दूरी कम हुई है तथा नागरिकों को अपनी बात सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाने का एक और प्रभावी माध्यम मिला है।

समाधान शिविरों के माध्यम से हो रहा सीधा जनसंवाद

जनसमस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से हर सोमवार और बृहस्पतिवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में आमजन अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष सीधे रख सकते हैं।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर स्वयं जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हैं। उनका प्रयास रहता है कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तविक रूप से नागरिकों को राहत मिले।

संवेदनशील प्रशासन की ओर बढ़ता पलवल

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर का मानना है कि एक प्रभावी प्रशासन वही है जो आमजन की बात सुने, समस्या को समझे और उसके समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ काम करे। इसी सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ पलवल जिला प्रशासन जनसेवा की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। जनसंवाद, समाधान शिविर और सोशल मीडिया जैसे माध्यमों का प्रभावी उपयोग जिला प्रशासन को आमजन के और करीब ला रहा है। इससे नागरिकों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो रहा है और जिला प्रशासन जनता के द्वार की भावना को व्यवहारिक रूप मिल रहा है।

दूरभाष के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत

जिला प्रशासन ने आमजन की सुविधा के लिए दूरभाष के माध्यम से शिकायत और समस्या बताने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन के दूरभाष नंबर 01275-298051, 01275-298160 और 01275-248901 पर संपर्क कर सकता है।
000

 

*****

 


(Release ID: 5964)