गिर्राजो देवी की 13वीं पर हवन यज्ञ आयोजित
Posted On:
12 Sep 2026 7:16PM
होडल (पलवल), 12 सितंबर।
होडल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रामरतन की धर्मपत्नी एवं वर्तमान विधायक हरेंद्र सिंह की माताजी स्वर्गीय गिर्राजो देवी की 13वीं के अवसर पर विधायक होडल के निवास स्थान बाबरी मोड होडल में शनिवार को हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान परिजनों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए हवन यज्ञ में आहुति डालकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि
13वीं के अवसर पर पटौदी की विधायक विमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, एडीए कृष्ण कुमार, होडल मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन टेकचंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर स्वर्गीय गिर्राजो देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
52 पाल की पंचायत के निर्णय का रखा मान
होडल के विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि गत दिनों आयोजित 52 पाल की पंचायत में 13वीं के अवसर पर किए जाने वाले भोज को लेकर लिए गए निर्णय का सम्मान करते हुए कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखा गया है। पंचायत में फिजूलखर्ची से बचने तथा बड़े स्तर पर भोज का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया गया था।
सादगी के साथ आयोजित किया कार्यक्रम
विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि पंचायत के निर्णय को सर्वोपरि मानते हुए 13वीं के अवसर पर छोटा एवं सादगीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करना और समाजहित में कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
परिजनों व शुभचिंतकों ने दी श्रद्धांजलि
हवन यज्ञ के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गिर्राजो देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहे।
000
*****
(Release ID: 5970)