azadi ka amrit mahotsav

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत 13, 26 व 27 सितंबर को होगा विशेष अभियान : अखिल पिलानी

विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां

Posted On: 12 Sep 2026 7:37PM
PrintRelease
नूंह, 12 सितंबर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत 13, 26 व 27 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर आमजन से मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों से संबंधित सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों तथा कार्यालयों को खुला रखा जाए, ताकि निर्धारित तिथियों को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पात्र नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों को दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन संस्थानों के स्टाफ में से किसी जिम्मेदार कर्मचारी अथवा चौकीदार की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि अभियान के दौरान आमजन के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुविधा मिल सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने और दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के संबंध में समुचित जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।
उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।

 

*****

 


(Release ID: 5971)