Women and Child Development
azadi ka amrit mahotsav

जिला में 25 सितंबर से आंगनवाडिय़ों में शुरू होगा आंगन मिलन सेवा अभियान-डीसी

Posted On: 13 Sep 2026 3:24PM
करनाल, 13 सितंबर। डीसी डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान मॉड्यूल-4 के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाने वाले आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम की तैयारियां महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से की जा रही है। इस अवधि के दौरान जिला के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र को सामुदायिक संवाद, जागरूकता एवं सहभागिता के लिए एक सशक्त सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिला में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने, निर्धारित अवधि के दौरान सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने तथा विकेंद्रीकृत कार्यान्वयन व्यवस्था एवं प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र से नियमित प्रगति रिपोर्टिंग के माध्यम से केंद्रीय स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

 उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में विभाग द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सहायिकाओं तथा आशा कार्यकर्ताओं को जनसेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए माताओं, बच्चों तथा अन्य लाभार्थियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद किया जाएगा। इस दौरान पोषण, स्वस्थ खान-पान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम, बच्चों की वृद्धि निगरानी, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा  तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।

 उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान इच्छुक लाभार्थी माताओं को सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अपने अनुभव स्वेच्छा से साझा करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए खेल, चित्रकला, रंग भरना, कहानी-कथन, कविताएं, गीत एवं लघु प्रस्तुतियों जैसी रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें भाग लेने वाले बच्चों एवं लाभार्थियों को फल एवं मिठाइयां भी वितरित की जाएंगी।

 उन्होंने महिला बाल विकास विभाग की डीपीओ व सीडीपीओ तथा सुपरवाईजरों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गतिविधियों का उचित दस्तावेजीकरण एवं प्रभावी निगरानी करने से इसके परिणामों का आकलन करने तथा भविष्य में इसके क्रियान्वयन में आवश्यक सुधार करने में सहायता मिलेगी।

 

*****

 


(Release ID: 5983)