azadi ka amrit mahotsav

25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक पूरे जिला में होंगे सेवा, संस्कार, नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम; 17 सितंबर की शाम 7 बजे जलाया जाएगा ‘आशीर्वाद का दीया’

Posted On: 13 Sep 2026 3:25PM
करनाल, 13 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, उनके जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का व्यापक जन अभियान होगा। यह जानकारी डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने दी।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक पूरे जिला में सेवा, संस्कार, नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में 17 सितंबर की शाम 7 बजे आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए  ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का कार्यक्रम बनाया गया है। इसके अतिरिक्त विभागों द्वारा पिछले 12 वर्षों के दौरान विभिन्न विकासात्मक कार्य पूरे करवाए गए हैं, उन सभी निर्माण स्थलोंं पर 17 सितंबर को विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में अधिकारियों, कर्मचारियों व लाभार्थियों द्वारा आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित करवाया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं।

 

*****

 


(Release ID: 5984)