Elections
azadi ka amrit mahotsav

एसआईआर-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियों को लेकर 26 व 27 सितंबर को चलाया जाएगा विशेष अभियान: डॉ. आनंद कुमार शर्मा

Posted On: 13 Sep 2026 3:25PM
करनाल, 13 सितंबर।  उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिला में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नागरिक अपने क्षेत्र के संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचन पंजीयन अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर, 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इसके अलावा ईसीनेट ऐप पर बुक ए कॉल सुविधा अथवा मतदाता हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
 
 उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना व अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों तथा घोषणा-पत्र सहित दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 आवश्यक दस्तावेजों एवं घोषणा-पत्र सहित भरा जा सकता है। उन्होंने बताया कि किसी अपात्र, मृत, स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता के संबंध में नाम हटाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज की जा सकती है। यह दावे एवं आपत्तियां संबंधित ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में जमा की जा सकती हैं। नागरिक ऑनलाइन http://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

 उन्होंने बताया कि जिला में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए  26 व 27 सितंबर को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इन तिथियों पर जिला के सभी बीएलओ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे तथा पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

 

*****

 


(Release ID: 5985)