Elections
हर पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में हो दर्ज : अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर
-30 सितंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर युवा बनवाएं अपना वोट
-मतदाताओं की जागरूकता से ही तैयार होगी त्रुटि रहित मतदाता सूची
-26 व 27 सितंबर को विशेष अभियान चलाकर वोट किए जाएंगे अपडेट
Posted On:
13 Sep 2026 3:16PM
पलवल, 13 सितंबर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में एसआईआर-2 (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया तेजी से जारी है। उन्होंने जिले के युवाओं से आह्वान किया कि जो नागरिक मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं, वे 30 सितंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर अपना वोट अवश्य बनवाएं।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि जिन मतदाताओं को दस्तावेज पूरे न होने के कारण नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे अपने आवश्यक दस्तावेज संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करवाकर अपने मतदाता विवरण को अपडेट करवाएं। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 की प्रारंभिक मतदाता सूची में प्रत्येक मतदाता अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। इसके लिए मतदाताओं का जागरूक होना और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करना बेहद जरूरी है।जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि एसआईआर फेस-2 की प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए जिला में 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार को विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों सभी संबंधित बीएलओ अपने क्षेत्रों में उपलब्ध रहेंगे। मतदाता इन विशेष अभियानों का लाभ उठाते हुए अपने वोट बनवाने, नाम जुड़वाने अथवा मतदाता सूची में दर्ज विवरण को अपडेट करवाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।000
*****
(Release ID: 5992)