Irrigation & Water Resources
azadi ka amrit mahotsav

हरियाणा में 25 सितंबर से आंगनवाड़ियों में शुरू होगा 'आंगन मिलन सेवा' अभियान- मंत्री श्रुति चौधरी

Posted On: 12 Sep 2026 6:52PM

चंडीगढ़, 12 सितंबर- हरियाणा की सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने शनिवार को सेवा संकल्प अभियान मॉड्यूल-4 के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाने वाले 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जानकारी दी गई कि इस अवधि के दौरान प्रदेश के सभी 25,962 कार्यशील आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

मंत्री ने कहा कि कार्य योजना का उद्देश्य प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र को सामुदायिक संवाद, जागरूकता एवं सहभागिता के लिए एक सशक्त सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्यभर में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने, निर्धारित अवधि के भीतर सभी 25,962 कार्यशील आंगनवाड़ी केंद्रों में 100 प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने तथा विकेंद्रीकृत कार्यान्वयन व्यवस्था एवं प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र से नियमित प्रगति रिपोर्टिंग के माध्यम से केंद्रीय स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी कार्यशील आंगनवाड़ी केंद्रों में तीन दिवसीय 'आंगन मिलन सेवा' आयोजित की जाएगी। इस मौके पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सहायिकाओं तथा आशा कार्यकर्ताओं को जनसेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए माताओं, बच्चों तथा अन्य लाभार्थियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद किया जाएगा। इस दौरान पोषण, स्वस्थ खान-पान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम, बच्चों की वृद्धि निगरानी, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान इच्छुक लाभार्थी माताओं को सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अपने अनुभव स्वेच्छा से साझा करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए खेल, चित्रकला, रंग भरना, कहानी-कथन, कविताएं, गीत एवं लघु प्रस्तुतियों जैसी रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें भाग लेने वाले बच्चों एवं लाभार्थियों को फल एवं मिठाइयां भी वितरित की जाएंगी।

 

बैठक में बताया गया कि इस कार्यक्रम को प्रदेश के सभी जिलों में चार चरणों में ब्लॉकवार आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में 40 ब्लॉक, द्वितीय चरण में 40 ब्लॉक, तृतीय चरण में 36 ब्लॉक तथा चतुर्थ चरण में 32 ब्लॉक कवर किए जाएंगे।

 

मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत भारत के माननीय प्रधानमंत्री द्वारा सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं को उनके योगदान के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाएंगे।

 

मंत्री अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के फोटोग्राफ विभागीय पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गतिविधियों का उचित दस्तावेजीकरण एवं प्रभावी निगरानी करने से इसके परिणामों का आकलन करने तथा भविष्य में इसके क्रियान्वयन में आवश्यक सुधार करने में सहायता मिलेगी।

 

क्रमांक-2026


 

*****

 


(Release ID: 6004)