Citizen Resourses Information(CRID)
azadi ka amrit mahotsav

हरियाणा की 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को भी मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ : उपायुक्त नेहा सिंह

-17 सितंबर से शुरू होगा नए लाभार्थियों का पंजीकरण — पात्र महिलाओं को हर माह मिलेंगे 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता

Posted On: 16 Sep 2026 5:49PM
सोनीपत, 16 सितंबर।     हरियाणा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा दिया है। अब ऐसे परिवारों की पात्र महिलाओं को भी योजना का लाभ मिलेगा, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है। नए पात्र लाभार्थियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से शुरू होगी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस विस्तार से पहले आय सीमा के कारण योजना से बाहर रह गई बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिलने का रास्ता खुला है। 

                  उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाएं 17 सितंबर से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकती हैं। उन्होंने पात्र महिलाओं से आह्वान किया कि वे योजना की पात्रता पूरी करने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर अपना पंजीकरण करवाएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आर्थिक सहायता का लाभ उठाएं।

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

उपायुक्त ने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है। हर महीने मिलने वाली 2,100 रुपये की सहायता महिलाओं को अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक सहारा प्रदान करेगी।

                     उन्होंने कहा कि योजना का दायरा बढ़ाए जाने से अब वे परिवार भी इसके दायरे में आएंगे, जिनकी वार्षिक आय पहले निर्धारित सीमा से अधिक होने के कारण उनकी पात्र महिलाएं योजना का लाभ नहीं ले पा रही थीं। आय सीमा को बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किए जाने से अधिक संख्या में पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने का अवसर मिलेगा। 

17 सितंबर से मोबाइल ऐप के माध्यम से होगा पंजीकरण

उपायुक्त  नेहा सिंह ने बताया कि नए पात्र लाभार्थियों के लिए 17 सितंबर से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पात्र महिलाएं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी ऐप पर जाकर पंजीकरण कर सकेंगी। आवेदन करते समय पात्रता से संबंधित जानकारी सही-सही उपलब्ध करवाना आवश्यक होगा। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि आवेदन करने से पहले अपनी पारिवारिक आय एवं अन्य पात्रता संबंधी जानकारी सुनिश्चित कर लें और केवल निर्धारित आधिकारिक माध्यम से ही पंजीकरण करें।

 

*****

 


(Release ID: 6319)