- सेवा संकल्प अभियान के तहत 76 आयुष संस्थानों ने निभाई सहभागिता, 1778 लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ औषधीय पौधों के प्रति किया जागरूक
- सेवा मेरा योगदान थीम पर जिलाभर में आयुष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
झज्जर, 19 सितंबर
सेवा संकल्प अभियान के तहत डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन लगातार जारी है। अभियान के अंतर्गत शनिवार को ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर आयुष विभाग द्वारा जिलाभर में 76 आयुष स्वास्थ्य जांच शिविर, औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता एवं औषधीय पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
संस्थानों में 1778 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, 1020 ने किया योग अभ्यास
जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुमन ने बताया कि सेवा मेरा योगदान थीम के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में जिलाभर के लोगों को आयुष चिकित्सा पद्धति, स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान 1778 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया, जबकि 1020 लोगों ने योग अभ्यास में भाग लिया। आयुष विभाग की टीमों द्वारा लोगों को उनकी स्वास्थ्य आवश्यकताओं के अनुसार उचित सलाह भी दी गई।
औषधीय पौधों की उपयोगिता के बारे में किया जागरूक
डॉ सुमन ने बताया कि कार्यक्रमों के दौरान आमजन को विभिन्न औषधीय पौधों की उपयोगिता एवं उनके महत्व के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि आयुष पद्धतियों और औषधीय पौधों का सही ज्ञान स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में उपयोगी हो सकता है। इस अवसर पर लोगों को औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया तथा इनके संरक्षण और उचित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
आयुष अधिकारी डॉ पवन देसवाल ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य एवं जनकल्याण की सेवाओं को पहुंचाना है। आयुष विभाग द्वारा लोगों को नियमित योग एवं व्यायाम करने, संतुलित आहार लेने, उचित दिनचर्या अपनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी दिनचर्या में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव करके स्वयं के साथ-साथ समाज के स्वास्थ्य में भी अपना योगदान दे सकता है।
---------
फ़ोटो। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविरों में मरीजों की जांच करते चिकित्सक।
फ़ोटो। सेवा मेरा योगदान थींम पर आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास करते नागरिक व ओषधीय पौधे वितरित करते अधिकारी।
-------------
*****