*एमसीजी - वार्ड 18 में 32 करोड़ के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने विकास कार्यों का किया शिलान्यास*
Posted On:
20 Sep 2026 8:47PM
*एमसीजी - वार्ड 18 में 32 करोड़ के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने विकास कार्यों का किया शिलान्यास*
*विभिन्न विकास कार्यों से गुरुग्राम के विकास को दी जा रही नई गति : राव नरबीर सिंह*
*जीएमडीए 26 करोड़ की लागत से बनाएगा सेक्टर-68/69 मिसिंग लिंक, एसपीआर और सोहना रोड के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी*
*कैबिनेट मंत्री ने वार्ड 18 में 6 करोड़ के अन्य विकास कार्यों का भी किया शिलान्यास*
गुरुग्राम, 20 सितंबर।
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत आधारभूत ढांचा विकसित करना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है। क्षेत्र में बेहतर सड़क, सुगम यातायात और आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री ने रविवार को नगर निगम गुरुग्राम के वार्ड नंबर-18 में करीब 32 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। कैबिनेट मंत्री के यहां पहुंचने पर मुकेश यादव जैलदार के नेतृत्व में विभिन्न गणमान्य लोगों तथा आसपास के गांवों की सरदारी ने पगड़ी पहनाकर एवं फूलमालाओं से उनका स्वागत किया।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के विकास को नई गति देने के लिए सरकार द्वारा सड़क, जल निकासी, यातायात व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल शहर तक सीमित न रहकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचाए जा रहे हैं, ताकि बढ़ती आबादी के अनुरूप लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
*जीएमडीए 26 करोड़ की लागत से बनाएगा सेक्टर-68/69 मिसिंग लिंक, एसपीआर और सोहना रोड के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी*
कैबिनेट मंत्री ने करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-68/69 में बनने वाली मिसिंग लिंक सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने से एसपीआर, सोहना रोड तथा आसपास के सेक्टरों के साथ-साथ पलड़ा, सकतपुर, अकलीमपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। परियोजना के तहत करीब 900 मीटर लंबी नई मुख्य सड़क का निर्माण किया जाएगा, जबकि लगभग 1,100 मीटर मौजूदा सड़क का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
स्थानीय क्षेत्रों और गांवों की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए करीब 2 किलोमीटर लंबी नई दो-लेन सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। इसके साथ ही पैदल यात्रियों एवं साइकिल चालकों की सुरक्षित आवाजाही के लिए फुटपाथ और साइकिल ट्रैक विकसित किए जाएंगे। सड़क के आसपास हरित एवं सौंदर्यीकरण कार्य भी करवाए जाएंगे। परियोजना के तहत सड़क के साथ सतही जल निकासी नालियों का भी निर्माण किया जाएगा। इससे वर्षा जल की निकासी बेहतर होगी तथा जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। परियोजना को 12 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
*वार्ड 18 में 6 करोड़ के अन्य विकास कार्यों का भी शिलान्यास*
कैबिनेट मंत्री ने इसके अलावा वार्ड नंबर-18 में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से अन्य विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया। इनमें सड़कों के निर्माण एवं कम्युनिटी सेंटर सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय निवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर वार्ड नंबर-18 की निगम पार्षद ज्योति सुमित जैलदार, किशोर यादव, ईनेश यादव, एसडीओ मनोज अहलावत, नंद किशोर, सतपाल ,जयनारायण, मास्टर शादीराम, अशोक, राम नारायण, भारत सिंह, भीम सरपंच, महेंद्र सरपंच, हुकुम नम्बरदार, मास्टर धर्मपाल, शशि सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय प्रतिनिधि तथा आसपास के गांवों की सरदारी मौजूद रही।
0000

*****
(Release ID: 6713)