खरीफ-2026 में फसल पंजीकरण से वंचित किसानों को मिला एक और अवसर
Posted On:
22 Sep 2026 9:32AM
खरीफ-2026 में फसल पंजीकरण से वंचित किसानों को मिला एक और अवसर21 से 27 सितंबर तक खुलेगा ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल - डीसी सचिन गुप्ताअंबाला, 21 सितंबर।उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि खरीफ-2026 के दौरान ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ (एमएफएमबी) पोर्टल पर फसल का पंजीकरण निर्धारित तिथि तक नहीं करवा पाने वाले किसानों को सरकार द्वारा एक और अवसर दिया गया है। ऐसे किसानों के लिए पोर्टल 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक पुन: खोला जाएगा।उपायुक्त ने बताया कि जिन किसानों की फसल का पंजीकरण 31 जुलाई 2026 तक नहीं हो पाया था और उन्हें अपनी फसल की खरीद में परेशानी आ रही है, वे संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) यानी एसडीओ (सी) के समक्ष लिखित आवेदन दे सकते हैं। आवेदन में भूमि का पूरा विवरण, जिसमें खेवट व खसरा नंबर तथा खेती के अधीन क्षेत्रफल शामिल हो, देना आवश्यक होगा।उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदन का संबंधित एसडीओ (सी) द्वारा एमएफएमबी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा और दावे का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अधिकतम तीन दिन में करवाया जाएगा। सत्यापन के लिए संबंधित सर्कल राजस्व अधिकारी (तहसीलदार/नायब तहसीलदार) के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।डीसी ने बताया कि दावे के सफल सत्यापन के बाद अनुमानित उत्पादन संबंधी विवरण तैयार कर ई-खरीद पोर्टल के साथ साझा किया जाएगा, ताकि पात्र किसानों को खरीद प्रक्रिया में शामिल किया जा सके और वे अपनी फसल बेच सकें।उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के आवेदनों की जांच और डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों से इस पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीफ-2026 में जिस भूमि अथवा फसल का पहले ही पंजीकरण हो चुका है, उसका दोबारा पंजीकरण नहीं किया जाएगा। यदि किसी भूमि या फसल पर पहले से किसी अन्य किसान द्वारा दावा किया गया है, तो ऐसी स्थिति में संबंधित किसान निर्धारित किसान लॉगिन के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकता है। फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) के तहत अवरुद्ध किसान अथवा भूमि के मामले इस छूट के अंतर्गत पात्र नहीं होंगे। सरकारी भूमि एवं पंचायत भूमि का पंजीकरण भी एमएफएमबी के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाएगा।उपायुक्त ने अंबाला जिले के ऐसे सभी पात्र किसानों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि 21 से 27 सितंबर के बीच संबंधित एसडीओ (सी) कार्यालय में आवेदन देकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपनी फसल का पंजीकरण सुनिश्चित करवाएं।
*****
(Release ID: 6898)