azadi ka amrit mahotsav

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा सेतु कैंपों के माध्यम से घर-द्वार पर पहुंच रही सरकारी योजनाएं और सेवाएं

-अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर रहा जिला प्रशासन का जोर

-सेवा सेतु के माध्यम से जिला प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर हा रहा समन्वय

-पलवल में आयोजित सेवा सेतु कैंप में मार्केट कमेटी के प्रधान पंकज विरमानी ने की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत

Posted On: 22 Sep 2026 7:01PM
PrintRelease पलवल, 22 सितंबर। हरियाणा सरकार की ओर से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला प्रशासन द्वारा सेवा सेतु कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में पलवल स्थित डा. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें मार्केट कमेटी पलवल के प्रधान पंकज विरमानी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और कैंप का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर में पहुंचने पर एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि पंकज विरमानी का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया
मुख्य अतिथि पंकज विरमानी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे इन सेवा सेतु कैंपों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी तथा उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को उनके घर-द्वार के नजदीक उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आयोजित सेवा सेतु कैंपों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी नागरिकों को संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया जा रहा है।
एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सेवा सेतु शिविर में पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया, दस्तावेज और संबंधित विभागीय सेवाओं के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई। जिला प्रशासन की ओर से सेवा सेतु कैंपों को नागरिक सुविधा का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जा रहा है। इन कैंपों के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि लोगों को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी के लिए दूर स्थित कार्यालयों में जाने की आवश्यकता कम हो तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन मिल सके।
एसडीएम ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच को अधिक सुगम बनाना तथा पात्र नागरिकों को उनके अधिकार एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक करना है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सेवा सेतु कैंपों में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।

 

*****

 


(Release ID: 7033)