health services
azadi ka amrit mahotsav

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एसडीएच होडल में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित

- 448 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, 63 गर्भवती महिलाओं की जांच, 18 उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान

Posted On: 22 Sep 2026 6:44PM
PrintRelease पलवल, 22 सितंबर।
'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान मॉड्यूल के तहत उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन एवं एसडीएम होडल बलीन की देखरेख में मंगलवार को उप-मंडल नागरिक अस्पताल (एसडीएच) होडल में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पलवल के कोषाध्यक्ष सोनू गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। कैंप में आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच, महिला एवं बाल स्वास्थ्य, एनीमिया, गैर-संचारी रोग, मानसिक स्वास्थ्य, दंत स्वास्थ्य तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया।

448 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

मेगा हेल्थ कैंप के दौरान कुल 448 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 164 पुरुष एवं 284 महिलाएं शामिल रहीं। कैंप में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच सुविधाओं का लाभ आमजन को प्रदान किया गया।

महिला एवं मातृ स्वास्थ्य पर रहा विशेष ध्यान

महिला एवं मातृ स्वास्थ्य के अंतर्गत 63 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) की गई। जांच के दौरान 18 उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं के मामलों की पहचान की गई। साथ ही, एक लाभार्थी को परिवार नियोजन के लिए प्रेरित किया गया।

157 लोगों की एनीमिया जांच

पोषण एवं एनीमिया जागरूकता के अंतर्गत कुल 157 व्यक्तियों की एनीमिया जांच की गई। जांच के दौरान एक गर्भवती महिला में एनीमिया पाया गया। विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों एवं महिलाओं को संतुलित आहार, पोषण तथा एनीमिया से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।

बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण

बाल स्वास्थ्य के अंतर्गत बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा 7 स्वास्थ्य जागरूकता वार्ताएं आयोजित की गईं। टीकाकरण के तहत 15 बच्चों का टीकाकरण किया गया। इसके अलावा 14 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।

उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच

गैर-संचारी रोगों की जांच के अंतर्गत उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की स्क्रीनिंग की गई। कुल 22 व्यक्तियों की उच्च रक्तचाप जांच में एक मामला तथा 22 व्यक्तियों की मधुमेह जांच में दो मामले पाए गए। संबंधित लाभार्थियों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।

नशा मुक्ति के प्रति किया जागरूक

नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान 10 लोगों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

दंत स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध करवाई गईं

दंत स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 40 व्यक्तियों की दंत जांच की गई तथा 10 स्कूली बच्चों की दंत जांच की गई। इसके अतिरिक्त मौखिक स्वास्थ्य एवं तंबाकू मुक्त अभियान के संबंध में 2 जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

दिव्यांगजनों को उपलब्ध करवाई गई जानकारी एवं सहायता

दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित गतिविधि के अंतर्गत उन्हें उपलब्ध स्वास्थ्य एवं सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पात्र दिव्यांगजनों का पंजीकरण भी किया गया।

58 आभा आईडी, 12 चिरायु कार्ड और 9 आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए

निरोगी अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक प्रयोगशाला जांच की गई। कैंप के दौरान 58 आभा आईडी, 12 चिरायु कार्ड तथा 9 आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए गए। कैंप के दौरान स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में आमजन को जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।

अधिक से अधिक पात्र लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाना अभियान का उद्देश्य : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डा. सतेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा लोगों को समय पर जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान निर्धारित सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने आमजन से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने तथा समय पर स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार करवाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी सेवा संकल्प अभियान डा. नवीन शर्मा, एसएमओ एसडीएच होडल डा. संजीव तंवर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
000

 

*****

 


(Release ID: 7048)