azadi ka amrit mahotsav

‘सेवा संकल्प अभियान’ : ‘कहानी बदलाव की’

- सक्षम युवा योजना से वेद प्रकाश ने लिखी सफलता की नई कहानी

- मात्र 20 वर्ष की उम्र में सिर से उठा पिता का साया, चुनौतियों के बीच नहीं हारी हिम्मत

-सक्षम युवा योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से किताबें खरीदने और और आवेदन फीस भरने में मिली मदद

-मेहनत और आर्थिक सहयोग से वर्ष 2024 में वेद प्रकाश का बिना पर्ची-बिना खर्ची लिपिक पद पर हुआ चयन

-वेदप्रकाश ने सरकार एवं रोजगार विभाग का जताया आभार

Posted On: 22 Sep 2026 6:48PM
PrintRelease पलवल, 22 सितंबर। पलवल जिला के उपमंडल होडल निवासी वेद प्रकाश पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह की सफलता की कहानी संघर्ष, मेहनत और सरकारी सहयोग की प्रेरणादायक मिसाल है। महज 20 वर्ष की आयु में वेद प्रकाश के सिर से पिता का साया उठ गया। पिता के निधन के बाद जीवन में अनेक कठिनाइयां और चुनौतियां आईं। आर्थिक परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं, लेकिन वेद प्रकाश ने विपरीत परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत करते रहे।
वेद प्रकाश के संघर्षपूर्ण सफर में हरियाणा सरकार के रोजगार विभाग की सक्षम युवा योजना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। योजना के तहत मिलने वाले बेरोजगारी भत्ते और मानदेय की राशि ने उन्हें आर्थिक रूप से सहारा दिया। इस आर्थिक सहायता से उन्हें अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े खर्चों को पूरा करने में मदद मिली। उन्होंने इस राशि का उपयोग किताबें खरीदने, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन फॉर्म भरने तथा फॉर्म फीस जमा करने में किया।
वेदप्रकाश ने आर्थिक परेशानियों के बावजूद ने पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति अपना ध्यान निरंतर बनाए रखा। उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए। सरकार की ओर से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी तैयारी जारी रखने में सहयोग दिया और उन्होंने इस अवसर का पूरा लाभ उठाया। उनकी मेहनत और समर्पण का सुखद परिणाम वर्ष 2024 में सामने आया, जब वेद प्रकाश का चयन बिना पर्ची-बिना खर्ची लिपिक पद पर हुआ। सरकारी नौकरी हासिल करना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि रही। यह सफलता उनके संघर्षपूर्ण जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई और उनके परिवार के लिए भी गर्व का विषय बनी।
वेदप्रकाश अपनी सफलता के लिए किए गए कठिन परिश्रम के साथ-साथ हरियाणा सरकार और रोजगार विभाग की ओर से मिली वित्तीय सहायता को भी महत्वपूर्ण मानते हैं। उन्होंने सरकार एवं रोजगार विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सक्षम युवा योजना जैसे प्रयास आर्थिक रूप से कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। वेद प्रकाश की सफलता यह संदेश देती है कि विपरीत परिस्थितियां व्यक्ति के रास्ते में कितनी भी बड़ी चुनौती क्यों न बनें, मेहनत, लगन और सही अवसर के साथ सफलता हासिल की जा सकती है। सक्षम युवा योजना से मिले सहयोग और अपने अथक परिश्रम के बल पर वेद प्रकाश ने न केवल अपना भविष्य संवारा, बल्कि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया।

 

*****

 


(Release ID: 7050)