azadi ka amrit mahotsav

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 27 व 28 सितंबर को होंगे नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम

‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के माध्यम से विभिन्न गांवों व शिक्षण संस्थानों में किया जाएगा जागरूक

Posted On: 23 Sep 2026 5:20PM
रेवाड़ी, 23 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सेवा संकल्प अभियान के मॉड्यूल 'नमो सेवा अनकही कहानियां' के तहत जिला प्रशासन द्वारा कला एवं संस्कृति विभाग हरियाणा के सहयोग से डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में जिला में 27 व 28 सितंबर को नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों तथा सेवा भावना से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कला एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा गठित विभिन्न नुक्कड़ नाटक टीमों की ओर से अभियान के तहत जिले के गांवों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मदन डागर एंड टीम, मनोज एंड टीम, शकुंतलम नाट्य संस्थान, ललित वर्मा एंड टीम तथा कपिल एंड टीम द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को रामपुरा, बुढपुर, गोकलगढ़, भाड़ावास, टांकरी, खंडोड़ा, खोरी, पाली, कुंड, कंवाली, नाहड़, कोसली, पाल्हावास, गुडियानी व जाटूसाना सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। वहीं 28 सितंबर को रेवाड़ी, बावल और कोसली क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि नुक्कड़ नाटक मनोरंजन के साथ-साथ जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम हैं। कलाकारों द्वारा संवाद एवं अभिनय के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देने के साथ ही सामाजिक संदेशों को सरल और रोचक ढंग से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
--------



 

*****

 


(Release ID: 7090)