azadi ka amrit mahotsav

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ग्रामीणों को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति किया जागरूक

भैंसरू खुर्द में महिलाओं को प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी, जूट के थैलों के प्रयोग के लिए किया प्रेरित

Posted On: 23 Sep 2026 5:29PM

रोहतक, 23 सितंबर। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिला रोहतक में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन तथा प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत भैंसरू खुर्द में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नरेंद्र कुमार ने कहा है कि गांव की महिलाओं को एकत्रित कर स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि प्लास्टिक कचरे का उचित निपटान न होने से पर्यावरण एवं स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्हें एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल जूट के थैलों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की महिलाओं एवं ग्रामीणों को जूट के थैले भी वितरित किए गए, ताकि दैनिक उपयोग में एकल उपयोग प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। साथ ही, ग्रामीणों को स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण योजना की कार्यप्रणाली एवं स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों के बारे में भी जागरूक किया गया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के तहत चार प्रकार से कचरे के पृथक्करण के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके लिए चार अलग-अलग डस्टबिन रखकर कचरे के पृथक्करण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि घर से ही कचरे को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखना और उसका उचित निपटान करना स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए आवश्यक है। ग्रामीणों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और सामूहिक प्रयासों से गांवों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डीपीएम, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण मंजू ग्रेवाल ने ग्राम पंचायत के सरपंच पुनीत के साथ ग्रामीणों को ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को घर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।


 

*****

 


(Release ID: 7096)