*राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर गुरुग्राम में 614 लोगों को मिला स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ*
Posted On:
23 Sep 2026 6:39PM
*राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर गुरुग्राम में 614 लोगों को मिला स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ*
*सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा मेरा योगदान” के माध्यम से आयुर्वेद, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश*
गुरुग्राम, 23 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा मेरा योगदान” पहल के अंतर्गत 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य, योग एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद” के अनुरूप आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को आयुर्वेद, योग, संतुलित आहार, स्वस्थ दिनचर्या एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। शीतला माता मंदिर, आयुष ग्राम घोषगढ़ एवं गांव हसनपुर में आयोजित इन गतिविधियों में कुल 614 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ लिया।
शीतला माता मंदिर परिसर में आयोजित आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर में कुल 221 लाभार्थियों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी), हड्डियों की जांच एवं स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया गया तथा आयुर्वेद, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जागरूकता व्याख्यान एवं आईईसी सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर निगम पार्षद परविंदर कटारिया भी उपस्थित रहे।
आयुष ग्राम घोषगढ़ में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 156 मरीजों की स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। इस दौरान बीपी एवं ब्लड शुगर की जांच तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान के माध्यम से संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग एवं रोगों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। औषधीय पौधों के महत्व एवं उनके पारंपरिक उपयोग के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर रितु यादव, पार्षद, वार्ड नंबर-5 मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया।
गांव हसनपुर में आयोजित स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता कार्यक्रम में 237 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिला। ग्रामीणों को योगाभ्यास करवाते हुए नियमित योग, स्वस्थ दिनचर्या एवं आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया तथा पौधों के वितरण एवं पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच विजयेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की समग्र जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि नियमित योग, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद, शारीरिक सक्रियता और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली को अपनाना स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। इन कार्यक्रमों में आयुष विभाग के चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, योग सहायकों एवं अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।
*****
(Release ID: 7117)