पोषण माह के दौरान गांव मोहनपुर में गोद भराई रस्म व पीएमएमवीवाई कैंप का आयोजन
नांगल चौधरी,22 सितंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग नांगल चौधरी के सौजन्य से राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आज नांगल चौधरी सर्कल के गांव मोहनपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्कल सुपरवाइजर सुनीता यादव ने की।
समारोह के दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई की रस्म पारंपरिक और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न कराई गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) का विशेष कैंप आयोजित कर नए लाभार्थियों के पंजीकरण फॉर्म भरे गए।
उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए सर्कल सुपरवाइजर सुनीता यादव ने बताया कि जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा इस योजना का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने योजना के नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि पहले बच्चे के जन्म पर (चाहे लड़का हो या लड़की) लाभार्थी को 5,000 रुपये और दूसरे बच्चे के रूप में लड़की का जन्म होने पर 6,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है।
कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से खेल-कूद व शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन भी हुआ, जिसमें विशेष रूप से आमंत्रित अभिभावकों को बच्चों को शिक्षा और खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सर्कल सुपरवाइजर सुनीता यादव के साथ स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, क्षेत्र की माताएं और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
फोटो-गोद भराई रस्म करवाती सुपरवाइजर सुनीता यादव।
*****