धान की सरकारी खरीद शुरू, किसानों को मंडियों में कोई दिक्कत न आने दे: श्याम सिंह राणा
देर रात अनाज मंडी करनाल पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, बोले- मंडी गेट पर पहुंचकर ही कटेगा गेट पास
Posted On:
30 Sep 2026 2:41PM
करनाल, 30 सितंबर। हरियाणा के कृषि, किसान एवं कल्याण, मत्स्य एवं डेयरी विभाग के मंत्री श्याम सिंह राणा ने देर रात अचानक करनाल अनाज मंडी पहुंचे और धान खरीद तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा धान की खरीद शुरू कर दी गई है। खरीद कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी और किसानों को मंडियों में कोई दिक्कत न आने दे।मंत्री ने निरीक्षण के दौरान मंडी में पहुंचकर गेट पास व बायोमेट्रिक प्रक्रिया का भी जायजा लिया। इसके साथ ही मंडी में उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की और कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और मंडियों में साफ-सफाई, सुलभ शौचालय, पीने के पानी तथा बिजली का प्रबंध समुचित ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की फसल की समय पर खरीद, उठान और भुगतान सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सभी खरीद एजेंसी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और निर्धारित मानकों के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि धान की खरीद का कार्य सुचारू रूप से जारी किया जाए। किसान अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने आढ़तियों, व्यापारियों व किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। कृषि मंत्री ने कहा कि पिछली बार की तरह किसी तरह का घोटाला न हो, इसके लिए इस बार व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब किसान के मंडी पहुंचने के बाद ही गेट पास काटा जाएगा। किसान घर बैठे गेट पास नहीं कटवा सकेगा। मंत्री ने अधिकारियों से मंडी में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने किसानों को अपील की कि वे पराली जलाने की बजाए उसका समुचित प्रबंध करे और अपनी आमदनी बढ़ाए तथा सरकार की योजना का लाभ लें। उन्होंने कहा कि किसानों व मजदूरों के लिए मंडियों में अटल कैंटीन खोली गई है। इन कैंटीनों में सस्ती दर पर खाना मिलता है।
*****
(Release ID: 7844)