*‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत गुरुग्राम में नुक्कड़ नाटकों के जरिए दिया सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश*
Posted On:
01 Oct 2026 4:53PM
*‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत गुरुग्राम में नुक्कड़ नाटकों के जरिए दिया सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश*
*सोहना विधायक तेजपाल तंवर ने रिठौज में विद्यार्थियों से कहा, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाएं*
गुरुग्राम, 1 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत आज गुरुग्राम जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और गांवों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा के सांस्कृतिक दलों ने अलग-अलग स्थानों पर अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेश दिए। विभिन्न आयोजन स्थलों पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में भाग लिया।
राजकीय विद्यालय रिठौज, सोहना में आयोजित कार्यक्रम में सोहना विधायक तेजपाल तंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे सशक्त सांस्कृतिक माध्यम समाज में जागरूकता का संदेश सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को कला के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे केवल संदेश सुनने तक सीमित न रहें, बल्कि सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को अपने व्यवहार एवं दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव के सहभागी बनें। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां युवाओं में सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। इस दौरान जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष गौरव चुघ, विद्यालय की प्रधानाचार्य अनुपमा, सरपंच रामबीर, राहुल तथा उधम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जिले के अन्य आयोजन स्थलों पर भी स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरहौल में विद्यालय की प्रधानाचार्य तृषि मुख्य अतिथि रहीं, जहां करीब 750 विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक देखा। गवर्नमेंट कॉलेज सिधरावली में भाजपा भोड़ा मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र चौहान, यशवीर यादव, मंडल महामंत्री रंजीत सिंह, रंजन यादव, डॉ. सुनील यादव तथा योगेश उपस्थित रहे, जहां करीब 250 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। गांव सिधरावली में सरपंच पूनम, शैलेंद्र चौहान, रंजीत सिंह तथा गांव के सदस्य इंद्रपाल, अमन यादव और हेमंत सोनी की मौजूदगी में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें करीब 50 ग्रामीण शामिल हुए।
द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य मनीषा राणा मुख्य अतिथि रहीं। यहां करीब 130 विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया। कार्यक्रम में ज्योति यादव, राहुल चौधरी और विजय दहिया ने सहयोग किया। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चक्करपुर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 800 विद्यार्थी शामिल हुए। यहां भाजपा जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप यादव, मंडल महामंत्री दीपक यादव तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य अनुराधा गुप्ता उपस्थित रहीं।
नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कलाकारों ने मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों के दौरान विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम में दिखाई गई विषयवस्तु को लेकर अपनी रुचि दिखाई। विभिन्न स्थानों पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज तक महत्वपूर्ण संदेश आसानी से पहुंचाया जा सकता है और युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
0000
*****
(Release ID: 8108)