किसानों को फसल खरीद के दौरान नहीं होनी चाहिए कोई परेशानी : विधायक हरिंद्र सिंह
- विधायक हरिंद्र सिंह ने उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के साथ हसनपुर अनाज मंडी का किया संयुक्त दौरा
- किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक
- अधिकारियों को मंडी में फसल आने से लेकर खरीद, उठान व भुगतान प्रक्रिया सुचारू रखने के दिए निर्देश
- अटल किसान कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता व साफ-सफाई का भी लिया जायजा
Posted On:
01 Oct 2026 8:19PM
पलवल, 1 अक्टूबर।होडल विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरिंद्र सिंह ने उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के साथ बृहस्पतिवार को उपमंडल होडल के अंतर्गत हसनपुर अनाज मंडी का संयुक्त दौरा कर चालू फसल खरीद सीजन के दौरान किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ने मंडी में फसल बिक्री के लिए पहुंचे किसानों तथा आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने मंडी में फसल की ढ़ेरियों में हाथ डालकर नमी का आंकलन भी किया और मशीन से फसल में नमी की जांच करवाई।विधायक हरिंद्र सिंह ने कहा कि किसानों की सुविधा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में फसल खरीद, माप-तोल, उठान और भुगतान सहित सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने मंडी में इलेक्ट्रॉनिक कांटे, फसल में नमी की जांच तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।विधायक हरिंद्र सिंह और उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने अटल किसान कैंटीन का भी निरीक्षण किया और किसानों को उपलब्ध करवाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को किसानों के लिए स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने तथा कैंटीन परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने इस अवसर पर कैंटीन में भोजन ग्रहण कर रहे किसानों व मजदूरों से भोजन की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर एसडीएम होडल बलीना, चेयरमैन ब्लॉक समिति हसनपुर अजीत, सचिव मार्केट कमेटी, रणधीर सिंह, नरवीर सिंह, महावीर सिंह सहित अन्य अधिकारीगण व किसान उपस्थित रहे।000
*****
(Release ID: 8190)