azadi ka amrit mahotsav

'सेवा संकल्प अभियान : कहानी बदलाव की-मत्स्य पालन से किसान अपनी आजीविका को कर रहे सुदृढ़

मत्स्य पालन विभाग की वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा रहे पात्र

Posted On: 02 Oct 2026 4:49PM
रेवाड़ी, 02 अक्तूबर।
केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मत्स्य पालन भी किसानों के लिए आय एवं रोजगार का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहा है। जिला में अनेक किसान मत्स्य पालन को अपनाकर उपलब्ध जल संसाधनों का सदुपयोग कर अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर रहे हैं।

जिला मत्स्य अधिकारी अंजू रानी ने जानकारी देते हुए बताया कि मत्स्य पालन विभाग द्वारा किसानों को मत्स्य पालन की वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के साथ-साथ विभागीय योजनाओं, सुविधाओं एवं आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन के बारे में जागरूक किया जा रहा है। विभाग के मार्गदर्शन से किसानों को मत्स्य पालन की गतिविधियों को व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से संचालित करने में सहायता मिल रही है।

उपयोगी व्यवसाय के रूप में अपना सकते हैं मत्स्य पालन
गांव नंदरामपुर बास निवासी देवेश कुमार ने मत्स्य पालन से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मत्स्य पालन उनके लिए आजीविका एवं आय का एक महत्वपूर्ण माध्यम बना है। उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन विभाग से प्राप्त मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग और योजना से उन्हें इस गतिविधि को बेहतर तरीके से संचालित करने में सहायता मिली। उन्होंने बताया कि योजना की उचित जानकारी एवं वैज्ञानिक तरीके अपनाकर किसान मत्स्य पालन को एक उपयोगी व्यवसाय के रूप में अपना सकते हैं।
वहीं गांव गुमिना निवासी सुशीला देवी ने बताया कि मत्स्य पालन के माध्यम से उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर एवं उत्पादक उपयोग हो रहा है तथा इससे आय के अतिरिक्त अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने मत्स्य पालन विभाग द्वारा प्रदान किए जा रहे मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

किसानों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किया जा रहा प्रेरित
जिला मत्स्य अधिकारी अंजू रानी ने बताया कि विभाग द्वारा किसानों को मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को मत्स्य पालन से जोड़ना तथा ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार एवं आय के नए अवसरों को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन के माध्यम से जहां किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो रहे हैं, वहीं उपलब्ध जल संसाधनों का भी समुचित एवं उत्पादक उपयोग सुनिश्चित हो रहा है। विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों को अपनाने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
----------




 

*****

 


(Release ID: 8255)