CM Press Release
azadi ka amrit mahotsav

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने “स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प विचार से विस्तार तक” का किया शुभारंभ

इसका लक्ष्य 3 लाख से अधिक इच्छुक उद्यमियों और स्टार्टअप्स को जोड़ना

Posted On: 02 Oct 2026 6:25PM
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने “स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प विचार से विस्तार तक” का किया शुभारंभ  
चण्डीगढ, 2 अक्टूबर - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प विचार से विस्तार तक की शुरुआत की। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का यह तीन महीने का राज्यव्यापी उद्यमिता कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य हरियाणा के सभी 23 जिलों में उद्यमी प्रतिभाओं को खोजना, उन्हें निखारना और आगे बढ़ाना है।  
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस उद्यमी प्रतिभा कार्यक्रम की शुरूआत शुक्रवार को कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय से की। यह सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है, जो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल को समर्पित है। प्रधानमंत्री के देश सेवा के इन वर्षों से प्रेरणा लेते हुए स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प नागरिकों को सर्वोपरि रखने की भावना को आगे बढ़ाता है। यह हरियाणा के युवा नवाचारकर्ताओं और उद्यमियों को ऐसे समाधान तैयार करने के लिए प्रेरित करता है जो लोगों का जीवन बेहतर बनाएं, सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाएं और विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यापक कार्यक्रम विचार से निवेशक तक की एकीकृत यात्रा के रूप में तैयार किया गया है जिसका उद्वेश्य जमीनी स्तर की उद्यमशीलता को जगाना है। इसके तहत एक राज्यव्यापी पाइपलाइन बनाई गई है, जो होनहार विचारों को खोजेगी, उद्यमिता कौशल विकसित करेगी और स्टार्टअप्स व इच्छुक उद्यमियों को मेंटरशिप, अनुदान, निवेशकों, राज्य सरकार की सहायता और स्टार्टअप हरियाणा के व्यापक इकोसिस्टम से जोड़ेगी।
तीन महीने का यह कार्यक्रम हरियाणा के सभी 23 जिलों को कवर करेगा। इसका लक्ष्य 3 लाख से अधिक इच्छुक उद्यमियों और स्टार्टअप्स को जोड़ना, 50 उच्च संभावना वाले उद्यमियों को फाइनलिस्ट तैयार करना और शीर्ष 10 को सम्मानित व पुरस्कृत करना है।
इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य उद्यमिता को गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे स्थापित स्टार्टअप केंद्रों से आगे ले जाना और दक्षिणी, पश्चिमी तथा हरियाणा के अन्य हिस्सों में स्टार्टअप आंदोलन को मजबूत करना है। जिला स्तर पर जागरूकता, सुनियोजित क्षमता निर्माण और मेंटर्स व निवेशकों तक पहुंच के माध्यम से कार्यक्रम राज्य में अधिक समावेशी और भौगोलिक रूप से संतुलित उद्यमिता इकोसिस्टम बनाना है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम तीन मुख्य स्तंभों पर आधारित है जिसमें खोजें और जोड़ें; निर्माण, मार्गदर्शन और गति; तथा प्रदर्शन, संपर्क और सम्मान शामिल हैं। जिसमें छह चरणों की उद्यमिता यात्रा के जरिए राज्यव्यापी शुभारंभव प्रचार, जिला आइडियाथॉन, मास्टरक्लास, मेंटरशिप व टियरिंग, मंडल स्तरीय सेमी फाइनल और ग्रैंड फिनाले लागू किया गया है।
राज्यव्यापी शुभारंभ के बाद सभी 23 जिलों में एक दिवसीय जिला आइडियाथॉन आयोजित किए जाएंगे। इनमें इच्छुक उद्यमियों और स्टार्टअप्स को 60 सेकंड की पिच में अपने विचार प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा। इन जिला स्तरीय आइडियाथॉन में लगभग 3,450 प्रतिभागियों के शामिल होने की सम्भावना है। इनमें से लगभग 1,150 प्रतिभागी सात मॉड्यूल वाले मास्टरक्लास कार्यक्रम में आगे बढ़ेंगे। इसमें उद्यमिता यात्रा के अहम पहलुओं को शामिल किया गया है, जैसे फाउंडर की स्पष्टता से लेकर वित्तीय प्रबंधन तक और अंत में मॉक पिच भी होगी।
इसके बाद लगभग 350 टीमों को एक से एक मेंटरशिप मिलेगी और उनके चरण व जरूरत के आधार पर उन्हें दो ट्रैक में बांटा जाएगा। ये टीमें हरियाणा के चार मंडलों के पिचथॉन में प्रतिस्पर्धा करेंगी, जिनसे शीर्ष 50 आगे बढ़ेंगे। पूरी प्रक्रिया इस तरह बनाई गई है कि प्रतिभागी जागरूकता, विचार निर्माण, क्षमता विकास, मेंटरशिप और प्रतियोगिता से होते हुए अंततः फंडिंग और इकोसिस्टम तक पहुंच प्राप्त कर सकें।
चूंकि ग्रोथ-स्टेज स्टार्टअप्स और शुरुआती स्तर के जमीनी नवाचारकर्ताओं को अलग-अलग तरह की वितिय एवं अन्य सहायता चाहिए, इसलिए कार्यक्रम का समापन दो अलग ट्रैक के साथ होगा, जिनमें प्रत्येक में 25 फाइनलिस्ट होंगे। ट्रैक 1 में पंजीकृत ग्रोथ स्टेज स्टार्टअप्स होंगे जो निवेशक मार्ग पर हैं, जबकि ट्रैक 2 में इच्छक उद्यमी विद्यार्थी और जमीनी नवाचारकर्ता होंगे जो अंशदान मार्ग पर हैं।
इसके पुरस्कार ढांचे के तहत ट्रैक 1 के शीर्ष पांच स्टार्टअप्स को क्रमशः 15 लाख, 12 लाख, 10 लाख, 7.5 लाख और 5 लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाएगें। ट्रैक 2 के शीर्ष पांच इच्छुक उद्यमियों को क्रमशः 5 लाख, 4 लाख, 3 लाख, 2 लाख और 1 लाख के पुरस्कार दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में राज्य स्टार्टअप सीड ग्रांट के लिए सीधे विचार, साथ ही क्लाउड क्रेडिट, इन्क्यूबेशन सहायता और इंडस्ट्री कनेक्ट की भी व्यवस्था की गई है। सभी 50 फाइनलिस्ट को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न दिए जाएंगे, जबकि चयनित स्टार्टअप्स को मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी प्रस्तुति देने का भी अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में दो नए इन्क्यूबेटर स्थापित करने के लिए जे.सी. बोस विश्वविद्यालय और स्टार्टअप एक्सेलरेटर चेंबर ऑफ कॉमर्स को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) सौंपे। ये इन्क्यूबेटर फरीदाबाद और पंचकूला में स्थापित किए जाएंगे। राज्य के स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम को और मजबूत करने के लिए दो इकोसिस्टम पार्टनर, ज़ोहो कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड और पेटीएम पेमेंट्स के साथ भी एलओआई किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य स्टार्टअप नीति, 2022 के तहत सीड फंडिंग प्राप्त करने वाले 11 स्टार्टअप्स को चेक भी वितरित किए। इसके अलावा संकल्प की रोशनी स्टार्टअप मशाल भी उद्यमियों को सौंपी जो नवाचार व उद्यमिता के लिए 12 जनवरी तक सभी 23 जिलों में युवाओं को जागरूक करेगी। यह होनहार स्टार्टअप्स और उद्यमियों को वित्तीय व इकोसिस्टम सहयोग देने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्टार्टअप हरियाणा इकोसिस्टम में निरंतर आगे बढ़ने वाली एक कड़ी के रूप में तैयार की गई है, जिससे होनहार उद्यमी सरकारी सहायता, अनुदान, इन्क्यूबेशन, निवेशकों से संपर्क और दीर्घकालिक विकास के अवसर पा सकेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य में यह सुनिश्चित करना है कि उद्यमशीलता की क्षमता की पहचान और सहयोग भौगोलिक स्थिति से परे हो, तथा हरियाणा के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, कस्बों और जिलों से उभरने वाले विचारों को आगे बढ़ने और विस्तार पाने का भरोसेमंद रास्ता मिले।
आपका जिला, आपका आइडिया, आपका मंच“ के आह््वान के साथ, स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प-विचार से विस्तार तक का उद्देश्य हरियाणा के युवाओं, नवाचारकर्ताओं, स्टार्टअप्स और इच्छुक उद्यमियों को आगे लाना और विचारों को बड़े उद्यमों में बदलने का सुव्यवस्थित रास्ता देना है, साथ ही राज्य के नवाचार और उद्यमिता इकोसिस्टम को और सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक डॉ. यश गर्ग, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा उद्योग, स्टार्टअप, शिक्षा जगत, इन्क्यूबेटर, निवेश जगत और इच्छुक उद्यमियों के गणमान्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इसके अलावा चेयरमैन गुरनाम सिंह, वेदपाल एडवोकेट, रविन्द्र संागवान, कवंलजीत कौर, वाईएमसीएम के वीसी संजय कौशिक पूर्व चेयरमैन धर्मबीर मिर्जापुर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। 
क्रमांक 2026
rajesh kumar

 

*****

 


(Release ID: 8272)