Rural Development
azadi ka amrit mahotsav

जिला में विशेष ग्राम सभाएं आज, ग्रामवासी अवश्य हों शामिल: डीसी

Posted On: 03 Oct 2026 11:40AM
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा जिला की सभी ग्राम पंचायतों में 2 अक्तूबर गांधी जयंती को प्रात: 11.00 बजे विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन विशेष ग्राम सभाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना है। इन ग्राम सभाओं के लिए जिला स्तर पर सीईओ जिला परिषद अमित कुमार तथा खंड स्तर पर बीडीपीओ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं में जन योजना अभियान एवं जीडीपी वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार के लिए विस्तृत कार्य योजना पर चर्चा की जाएगी। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव में किए गए विकास एवं सेवा कार्यों की समीक्षा और आगामी प्राथमिकताओं पर ग्रामीणों के साथ चर्चा की जाएगी। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पंच-सरपंच, स्वयं सहायता समूहों, सफाई मित्रों और युवा क्लबों की सहभागिता से पूरे गांव को स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त बनाने की रणनीति बनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि गांव की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार कर ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा। गांवों को पूर्णत: बाल विवाह मुक्त घोषित करने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया जाएगा। जल अर्पण अभियान की गतिविधियों में पेयजल आपूर्ति, हर घर जल व्यवस्था और जल संरक्षण के उपायों की समीक्षा की जाएगी।  परिवार पहचान पत्र में डेटा का सत्यापन, छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने तथा त्रुटियों में सुधार करने का कार्य किया जाएगा। रिफॉर्म उत्सव के तहत 7 प्रमुख विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और ग्रामीणों से सुझाव लिया जाएगा।  
उन्होंने बताया कि इन ग्राम सभाओं में गांवों में पेयजल, गंदे पानी की निकासी, अमृत सरोवर/जलभराव, नशा मुक्ति, पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन, तथा विकास कार्यों एवं  गांवों में स्थित सभी सरकारी भवनों का रख-रखाव तथा ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज गांव के सभी विकास कार्यों निरीक्षण किया जाएगा।
  ग्राम सभाओं में संरक्षक योजना 2021 के तहत आईएएस, आईपीएस, एचसीएस अधिकारी सहित असिस्टेंट डायरेक्टर, डिप्टी सिविल सर्जन, बीडीपीओ, वाइस प्रिंसिपल स्तर तक के 393 अधिकारियों को ग्राम पंचायत संरक्षक नियुक्त किया गया है। ग्राम सभाओं में संबंधित ग्राम पंचायत संरक्षक, महिला एवं बाल विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, क्रिड, शिक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। 

 

*****

 


(Release ID: 8325)