- गांव ग्वालिसन स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर बूथ अध्यक्ष अजय शर्मा और गांव मातनहेल में आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी पूर्व मंडल अध्यक्ष जगदीश ने बतौर मुख्य अतिथि लिया भाग
- कार्यक्रमों में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
झज्जर, 03 अक्टूबर।
जिलाभर में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अनेक गतिविधियां जारी हैं। इसी कड़ी में ‘आंगन मिलन सेवा’ मॉड्यूल के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में खंड मातनहेल और साल्हावास के आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रमों का शनिवार को समापन हुआ।
गांव ग्वालिसन स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर बतौर मुख्य अतिथि बूथ अध्यक्ष
अजय शर्मा ने भाग लिया,जबकि अध्यक्षता सरपंच प्रीति ने की। वहीं गांव मातनहेल में आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी पूर्व मंडल अध्यक्ष जगदीश औरसरपंच विजय लता ने भाग लेकर महिलाओं से सरकार की नीतियों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य मेहमानों ने सभी वर्कर, हेल्पर, आशा वर्कर को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण, स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। महिलाओं, किशोरियों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर रहा जोर
जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ मॉड्यूल के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल पोषण सेवाओं तक सीमित न रखते हुए पोषण, स्वास्थ्य, योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को स्वस्थ खान-पान तथा बेहतर जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
साथ ही महिलाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जागरूक किया गया।
बाल विकास में संतुलित पोषण की भूमिका समझाई
मातनहेल में सुपरवाइजर सुमन रानी तथा गवालिशन में सुपरवाइजर रश्मि रानी क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों में सुपरवाइजर रश्मि रानी के नेतृत्व में पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। विभागीय टीमों ने लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं विकास में संतुलित पोषण की भूमिका समझाई।
महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए योजनाओं की जानकारी
सुपरवाइजर रश्मि और सुमन ने कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व एवं शिशु कल्याण योजना सहित आंगनवाड़ी आधारित स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी भी दी। महिला व किशोरी लाभार्थियों को पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
‘आंगन मिलन सेवा’ के तीन दिवसीय आयोजन ने आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, संवाद और जनजागरूकता के जीवंत मंच के रूप में सामने रखा। जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों में स्वस्थ खान-पान तथा बेहतर जीवनशैली को लेकर जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
केंद्रों में पेंटिंग और रंगोली प्रतिस्पर्धाओं का भी हुआ आयोजन
साल्हावास और मातनहेल,गवालिशन, कासनी सहित सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर पेंटिंग, रंगोली, स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पोषण के महत्व से जोड़ा गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभागीय टीमों ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए बच्चों की उचित वृद्धि एवं विकास, संतुलित आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्यवर्धक आदतों और सामुदायिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन 15 हजार 352 लाभार्थियों ने की सहभागिता
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान खंड साल्हावास के 111 आंगनवाड़ी केंद्रों तथा खंड मातनहेल के 148 आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित गतिविधियों में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भाग लिया। अंतिम दिन खंड साल्हावास से 6629 तथा मातनहेल से 8,723, कुल 15,352 लाभार्थियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर अनिता देवी, राजवंती, कृष्णा, राजपति के अलावा अन्य महिलाएं उपस्थित रही।
--------------
फोटो कैप्शन: आंगन मिलन सेवा मॉड्यूल के तहत शनिवार को खंड मातनहेल और साल्हावास के आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित पोषण एवं जागरूकता गतिविधियों में भाग लेती महिलाएं।
फोटो कैप्शन: आंगन मिलन सेवा मॉड्यूल के तहत शनिवार को खंड मातनहेल और साल्हावास के आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में वर्कर्स सम्मान करते मुख्य अतिथि।
-----------------
*****