Agriculture and farmer welfare
azadi ka amrit mahotsav

प्रशिक्षण शिविर में सीखे मशरूम उत्पादन के गुर

प्रदेश भर से 80 किसान हुए शामिल

Posted On: 03 Oct 2026 11:43AM
PrintRelease उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी में आयोजित 5-दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रगतिशील किसानों को प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ।  यह राज्यस्तरीय प्रशिक्षण शिविर 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चला। जिसमे हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए 80 किसानों ने मशरूम खेती की बारीकियों को सीखा।

सोनीपत, पानीपत और कुरुक्षेत्र जिले तेजी से मशरुम में बढ़  रहे आगे
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. प्रीति यादव ने समापन अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में देश का एक अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। वर्तमान में राज्य के सोनीपत, पानीपत और कुरुक्षेत्र जिले इस व्यवसाय में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मशरूम की उन्नत प्रजातियों के उत्पादन तकनीक, रोगों के उपचार, प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्धन की विस्तृत जानकारी प्रदान की।  

मुरथल भ्रमण और कीड़ा-जड़ी पर ऑनलाइन वेबिनार
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को व्यावहारिक अनुभव के लिए मशरूम अनुसंधान केंद्र, मुरथल का भ्रमण करवाया गया, जहाँ विशेषज्ञों ने उत्पादन से जुड़ी सूक्ष्म तकनीकों की जानकारी दी। इसके अलावा, किसानों को घर बैठे आर्थिक रूप से अत्यंत लाभकारी कीड़ा-जड़ी मशरूम के उत्पादन से जोड़ने के लिए एक विशेष ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन भी किया गया।


संस्थान द्वारा दी जा रही सुविधाओं का उठाएं लाभ- प्रधानाचार्य
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. सत्येंद्र यादव ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे परंपरागत खेती के साथ-साथ मशरूम उत्पादन जैसे व्यावसायिक मॉडल अपनाकर आत्मनिर्भर बनें और संस्थान द्वारा दी जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं।

 

*****

 


(Release ID: 8332)