Women and Child Development
azadi ka amrit mahotsav

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

Posted On: 03 Oct 2026 11:45AM
PrintRelease प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से फूसगढ़, उत्तम नगर रोड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधान सभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर मेयर रेणु बाला गुप्ता तथा पूर्व चेयरमैन निर्मला बैरागी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन डीपीओ राजबाला और सीडीपीओ संतोष कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम की सहसंयोजक मंजू खैंची भी मौजूद रहीं।

 कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस मौके पर बच्चों ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद प्री-स्कूल गतिविधियों के तहत बच्चों से ड्राइंग करवाई गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ईसीसीई गतिविधियों के तहत बच्चों को मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद कविताएं और कहानियां सुनाई गईं। बच्चों के मनोरंजन और उत्साहवर्धन के लिए एक बच्चे का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर  अतिथियों द्वारा बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए।

 कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों, बच्चों की उपस्थिति तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध शिक्षण सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए केंद्र परिसर में पौधारोपण किया गया तथा हस्ताक्षर बोर्ड पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा सेल्फी प्वाइंट पर अतिथियों और उपस्थित लोगों ने सेल्फी लेकर कार्यक्रम की यादें साझा की।

 मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण ही हमारी संस्कृति का आधार: हरविंद्र कल्याण
 कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि यह आयोजन बेहद खास और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि जब मैंने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश किया, तो वहां मौजूद बच्चों और माताओं को देखकर बिल्कुल किसी पावन त्यौहार जैसा माहौल प्रतीत हो रहा था। समाज में सदैव ऐसा ही सकारात्मक और खुशहाल वातावरण होना चाहिए।

 समारोह के दौरान सास-बहू के संवाद और कन्या भ्रूण हत्या रोकें विषय पर प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में पानीपत की ऐतिहासिक धरा से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी। उस ऐतिहासिक मंच पर बतौर एमएलए उन्हें प्रत्यक्ष रूप से देखने और शुभकामनाएं देने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ था। अपने व्यक्तिगत अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 1991 में ही उन्होंने और उनकी पत्नी ने केवल एक बेटी रखने का संकल्प लिया था। बेटी के जन्म पर मिठाई बांटकर उन्होंने यह निर्णय लिया था कि वे दूसरा बच्चा नहीं करेंगे, क्योंकि बेटियां मातृशक्ति का सच्चा रूप और सम्मान हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' से आगे बढक़र खेलों, नौकरियों और हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। अब समाज को अपनी पुरानी धारणाएं बदलने की आवश्यकता है ताकि बेटियों को एक सुरक्षित और प्रोत्साहनपूर्ण माहौल मिल सके।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को मजबूत करना ही हमारी मूल संस्कृति है। प्राचीन इतिहास में मातृशक्ति ही शासन संचालन और महत्वपूर्ण निर्णयों में अग्रणी भूमिका निभाती थी, किंतु मुगलों और अंग्रेजों के शासनकाल में हमारी इस गौरवशाली संस्कृति को क्षति पहुंचाई गई। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि बेटियों के साथ-साथ बेटों को भी ऐसे संस्कार दें कि वे दूसरों की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान करें। उन्होंने सभी से मां की तपस्या का सम्मान करने और समाज में सकारात्मक बदलाव का संकल्प लेकर जाने की अपील की।

 कार्यक्रम में महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक, सुरक्षित मातृत्व पर दिया बल
 कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्ष निर्मला बैरागी ने कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देना है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों पर जाएं तथा गर्भवती एवं धात्री (स्तनपान कराने वाली) महिलाओं का पंजीकरण व शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने महिलाओं से हर माह की 9 तारीख को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं को प्रभावशाली योजनाओं की जानकारी दी गई है ताकि उनका स्वास्थ्य और सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए कई जनहितैषी योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिलाएं आंगनवाड़ी केंद्रों से जुडक़र इन योजनाओं की जानकारी लें, ताकि माँ और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित एवं स्वस्थ रह सकें।

 इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से प्रदान की जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं एवं लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। विभागीय प्रतिनिधियों ने महिलाओं से अपील की कि वे पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में सहयोग करें। कार्यक्रम के समापन पर अतिथि को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने आंगनवाड़ी केंद्र की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं विभागीय कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर सुपरवाइजर रजनी सैन, नेहा, कविता ,मनु, सुजाता, रॉकेट लर्निंग टीम से डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बच्चे, महिलाएं, पुरुष तथा विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 8334)