Urban Local Bodies
azadi ka amrit mahotsav

सेवा संकल्प अभियान के तहत असंध शहर में चला विशेष सफाई अभियान

विधायक योगेंद्र राणा ने किया नवनिर्मित एस्पिरेशनल शौचालय का उद्घाटन

Posted On: 03 Oct 2026 11:46AM
PrintRelease   सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा में गतिविधि के निमित्त और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को असंध शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में विधायक योगेंद्र राणा ने स्वयं भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों को अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विधायक के साथ-साथ नगरपालिका के अधिकारी व कर्मचारीगण, पार्षदों, पार्टी कार्यकर्ताओं व समाज सेवियों ने असंध शहर के मुख्य बाजारों, गलियों, सडक़ों, जींद चौंक व सब्जी मंडी तक सफाई करते हुए स्वच्छता अभियान में भाग लिया। सफाई अभियान में स्वच्छता का संदेश देते हुए विभिन्न बैनरों के माध्यम से भी आम नागरिकों को जागरूक किया गया।

विधायक योगेंद्र राणा ने इस मौके पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिवस की सभी को शुभकामनाएं दी और कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना था। उनकी जयंती के अवसर पर स्वच्छता को जन-अभियान का रूप देना ही उनके विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे घरों के साथ-साथ अपने आसपास के सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और गलियों में भी नियमित सफाई का विशेष ध्यान रखें। कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।

विधायक ने कहा कि नियमित सफाई से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि स्वच्छ वातावरण से बीमारियों की रोकथाम और बेहतर स्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को किसी विशेष दिन तक सीमित न रखकर इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर नगर पालिका चेयरपर्सन सुनीता अरडाना, असंध मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीण राणा, नपा सचिव नरेन्द्र शर्मा, एमई संदीप राठी, वाईस चेयरमैन रामअवतार जिंदल, राजिन्द्र ढिंगड़ा, असंध मंडल अध्यक्ष हिमांशु छाबड़ा, बीएलए-1 अमित राणा, जेई साकिर हुसैन, एडवोकेट नरेन्द्र शर्मा, पूर्व चेयरमैन दीपक छाबड़ा, हरबीर सिंह, जगदीश गर्ग, राजकुमार बंसल, डॉ बूटी राम, ब्रिज टक्कर, रमेश भट्टï, स्वच्छता कोर्डिनेटर जसमेर व अजमेर, रिछपाल राणा, विनय राणा, मास्टर अजय, मनीश मूंड, बाबा सूबे सिंह, सहित असंध नपा के सभी पार्षदगण, अधिकारी व सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

बॉक्स- विधायक योगेंद्र राणा ने किया नवनिर्मित एस्पिरेशनल शौचालय का उद्घाटन
असंध शहरवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक योगेंद्र राणा ने शहर में 15 लाख 69 हजार रूपये की लागत से बने नवनिर्मित एस्पिरेशनल शौचालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह शौचालय शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ आमजन को सुविधाजनक एवं सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा आने वाले समय में भी जनसुविधाओं को विस्तार देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विधायक ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार के सहयोग से असंध क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहरों और गांवों में लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि आमजन को दैनिक जीवन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बॉक्स- विधायक योगेन्द्र राणा ने हरी झंडी दिखाकर सफाई वाहनों को किया रवाना
स्वच्छ भारत मिशन-2.O के तहत असंध शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा उपलब्ध करवाए गए 2 ट्रैक्टर, वाटर टैंकर एवं सक्शन पंप को विधायक योगेन्द्र राणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों और उपकरणों पर 25 लाख रुपए की लागत आई है। इस अवसर पर विधायक योगेन्द्र राणा ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन संसाधनों के उपलब्ध होने से शहर में सफाई कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। नगर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उपलब्ध करवाए गए इन वाहनों एवं उपकरणों का उपयोग शहर की विभिन्न सफाई आवश्यकताओं के लिए किया जाएगा। इस पहल से सफाई कार्यों में दक्षता बढऩे के साथ-साथ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

 

*****

 


(Release ID: 8335)