Rural Development
azadi ka amrit mahotsav

जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित हुईं विशेष ग्राम सभाएं

स्वच्छता, नशा मुक्ति, बाल विवाह रोकथाम, पराली प्रबंधन एवं ग्राम पंचायत विकास योजना पर हुई चर्चा

Posted On: 03 Oct 2026 11:47AM
PrintRelease हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिला करनाल की सभी ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गांवों के समग्र विकास, स्वच्छता, सामाजिक सुधारों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े महत्त्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

 विशेष ग्राम सभाओं की कार्यवाही की निगरानी एवं सहभागिता के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न गांवों का दौरा किया। उप निदेशक मनोज कौशल ने गांव सुल्तानपुर, डीडीपीओ कंचन लता ने गांव कूड़ाक जागीर तथा डिप्टी सीईओ रोजी रंगा ने कुटैल में आयोजित ग्राम सभा में उपस्थित होकर कार्यवाही का जायजा लिया।

 ग्राम सभाओं में ‘सबकी योजना, सबका विकास’, ग्राम पंचायत विकास योजना तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत गांवों के विकास एवं जनहित से संबंधित आवश्यक प्रस्ताव पारित किए गए। ग्राम सभा की संपूर्ण कार्यवाही को ई-ग्राम स्वराज तथा संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर पारदर्शिता के साथ दर्ज किया गया।

सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार, बाल विवाह मुक्त भारत और नशा मुक्त प्रदेश पर बल
ग्राम सभाओं के दौरान सामाजिक सुधार से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया गया। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा गांव को पूर्ण रूप से बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए चर्चा की गई। ग्रामीणों और युवाओं से अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें और प्रशासन का साथ दें।

कृषि एवं पर्यावरण संरक्षण, पराली प्रबंधन और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान
 धान के सीजन को देखते हुए किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक किया गया। ग्राम सभा में पराली प्रबंधन के लिए उपलब्ध आधुनिक कृषि यंत्रों, सरकारी सब्सिडी और बेलर मशीनों के उपयोग की जानकारी दी गई, ताकि पर्यावरण और भूमि की उर्वरता दोनों को सुरक्षित रखा जा सके।
 गांवों में आवारा व बेसहारा पशुओं के कारण फसलों को होने वाले नुकसान और दुर्घटनाओं की रोकथाम के विषय पर चर्चा हुई। स्थानीय स्तर पर गौशालाओं के सहयोग, नंदीशालाओं तथा ग्राम पंचायत स्तर पर सुरक्षित ठहराव व देखभाल की व्यवस्था बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।

विभिन्न विभागों की योजनाओं की दी गई जानकारी
 विशेष ग्राम सभाओं में विभिन्न विभागों की जनहितैषी गतिविधियों एवं योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इनमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पेयजल एवं जल संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व, स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन, कृषि, पशुपालन, खाद्य एवं आपूर्ति, खेल एवं युवा कार्यक्रम तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग शामिल रहे। पात्र लाभार्थियों की सूचियां ग्राम सभा के समक्ष साझा की गईं ताकि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी लाभ से वंचित न रहे।

जनभागीदारी से गांवों के विकास को मिलेगा नया आयाम
जिला प्रशासन, करनाल ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रशासन ने कहा कि ग्राम सभाएं ग्रामीणों को विकास कार्यों में सहभागी बनाने, स्थानीय आवश्यकताओं को सामने लाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे भविष्य में भी ग्राम सभाओं में सक्रिय रूप से भाग लें और स्वच्छता, जल संरक्षण, नशा मुक्ति तथा पराली न जलाने जैसे जनहितकारी अभियानों में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

 

*****

 


(Release ID: 8336)