azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा पलवल के चयनित क्षेत्रों में अक्टूबर माह में किया जाएगा प्रमुख राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण : सहायक निदेशक अग्रिमा रस्तोगी

-रोजगार, घरेलू आय, प्रवासन व कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति के जुटेंगे आंकड़े

-घर-घर और प्रतिष्ठान स्तर पर होगा आंकड़ों का संकलन, जानकारी रहेगी पूर्णत: गोपनीय

-विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़ों के लिए चयनित परिवारों व प्रतिष्ठानों से सहयोग की अपील

Posted On: 03 Oct 2026 2:59PM
पलवल, 3 अक्टूबर। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग द्वारा अक्टूबर 2026 के दौरान राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षणों के अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण सर्वेक्षणों का संचालन किया जाएगा। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, उप-क्षेत्रीय कार्यालय, फरीदाबाद के अधिकार क्षेत्र में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (एनएचआईएस), प्रवासन विवरण सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण और निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) तथा कृषि परिवारों का स्थिति आकलन सर्वेक्षण (एसएएस) शामिल हैं।

पलवल के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में होगा आंकड़ों का संकलन

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग की सहायक निदेशक अग्रिमा रस्तोगी ने बताया कि इन सर्वेक्षणों के अंतर्गत पलवल जिले के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर एवं प्रतिष्ठान स्तर पर आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। चयनित क्षेत्रों में पलवल का सेक्टर-2, इस्लामाबाद कॉलोनी, बसंतगढ़, ओमेक्स सिटी-2, कानूनगो मोहल्ला, न्यू कॉलोनी एक्सटेंशन तथा गांव बंचारी, पातली, खेडली ब्राह्मण, रूपनगर नाटोली, आली मेव, खटेला सराय, गुराकसर और घोडी गांव शामिल हैं।

नीतिगत निर्णयों एवं सामाजिक-आर्थिक नियोजन में मिलेगी मदद

सहायक निदेशक अग्रिमा रस्तोगी ने बताया कि इन सर्वेक्षणों के माध्यम से रोजगार की स्थिति, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों, घरेलू आय, प्रवासन के कारणों, पारिवारिक संपत्ति एवं ऋण, कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति सहित विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़े जुटाए जाएंगे। इन आंकड़ों का उपयोग साक्ष्य-आधारित नीतिगत निर्णय लेने तथा सामाजिक-आर्थिक नियोजन के लिए महत्वपूर्ण आधार के रूप में किया जाता है।

सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करें चयनित परिवार व प्रतिष्ठान

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करें। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले उत्तरदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी को पूर्णत: गोपनीय रखा जाएगा तथा इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

विश्वसनीय आंकड़े तैयार करने में नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण

सहायक निदेशक अग्रिमा रस्तोगी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकीय आंकड़े तैयार करने में चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। नागरिकों द्वारा सही जानकारी उपलब्ध करवाने से देश एवं प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास से संबंधित योजनाओं और नीतियों के लिए बेहतर आंकड़ा आधार तैयार करने में सहायता मिलेगी।
000

 

*****

 


(Release ID: 8341)