Agriculture and farmer welfare
करनाल के दो प्रगतिशील किसानों को एचएयू किसान मेले में मिला सम्मान
बीज उत्पादन एवं फसल विविधीकरण में उत्कृष्ट कार्य के लिए पलविंदर सिंह और देवेंद्र सिंह सम्मानित
Posted On:
03 Oct 2026 4:21PM
करनाल, 03 अक्तूबर। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में गत दो दिवस आयोजित किसान मेले के दौरान करनाल जिले के दो प्रगतिशील किसानों को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारपरक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, उचानी, करनाल की अनुशंसा पर रंभा गांव के किसान पलविंदर सिंह तथा बाल राजपूताना गांव के किसान देवेंद्र सिंह को क्रमश: उच्च गुणवत्ता वाले बीज उत्पादन एवं उन्नत तकनीकों के प्रयोग तथा फसल विविधीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। दोनों किसानों को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा तथा चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति डॉ. बलदेव राज काम्बोज ने सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, विधायक गण तथा विश्वविद्यालय के कुलपति सहित उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने दोनों किसानों के अथक परिश्रम, नवीन तकनीकों को अपनाने तथा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे अनुकरणीय प्रयासों की सराहना की।मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री ने किसानों को कृषि में निरंतर नवाचार, आधुनिक तकनीकों के प्रयोग तथा अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रगतिशील किसान प्रदेश में कृषि की उत्पादकता, लाभप्रदता एवं स्थिरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश कौशिक ने भी सम्मानित किसानों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। कृषि विज्ञान केंद्र, उचानी, करनाल के संयोजक एवं क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. महा सिंह ने दोनों किसानों को सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।डॉ. महा सिंह ने कहा कि करनाल जिले के किसानों द्वारा बीज उत्पादन, फसल विविधीकरण एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बलदेव राज काम्बोज तथा चयन समिति के सभी सदस्यों का करनाल जिले के किसानों की उपलब्धियों को पहचान प्रदान करने और उन्हें सम्मानित करने के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र, उचानी भविष्य में भी जिले के प्रगतिशील किसानों की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने तथा नवीन एवं लाभकारी कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
*****
(Release ID: 8351)