azadi ka amrit mahotsav

सेवा संकल्प अभियान:-जाटूसाना ब्लॉक की आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन

बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास के बारे में किया जागरूक

Posted On: 03 Oct 2026 10:14PM
रेवाड़ी, 03 अक्तूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला की आंगनबाड़ी केंद्रों में डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की करवाई जा रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास के प्रति जागरूक करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों से उनका जुड़ाव और अधिक मजबूत करना है।

महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव ने बताया कि शनिवार को तीसरे दिन जाटूसाना ब्लॉक की आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को फल एवं मिठाइयों का वितरण भी किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम से संबंधित सामग्री वितरित करते हुए माताओं को विभागीय योजनाओं एवं बच्चों के हित में उपलब्ध सेवाओं की आवश्यक जानकारी भी साझा की गई। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं से संवाद करते हुए बच्चों की दैनिक गतिविधियों, पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर चर्चा की। माताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा बच्चों से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ने और बच्चों एवं माताओं तक विभागीय सेवाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने माताओं से आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 4 अक्तूबर से नाहड़ ब्लॉक की आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित करवाई जाएंगी।
----------



 

*****

 


(Release ID: 8400)