azadi ka amrit mahotsav

मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना के तहत कुपोषित बच्चों को मिलेगा अतिरिक्त पोषण आहार

Posted On: 08 Oct 2026 3:48PM
रेवाड़ी, 08 अक्तूबर।
हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना के तहत जिले में कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। डीसी अभिषेक मीणा के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों को पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव ने बताया कि योजना का उद्देश्य गंभीर रूप से कम वजन वाले, कुपोषित और मध्यम कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर चिन्हित बच्चों को अतिरिक्त पोषण आहार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बच्चों को 55 ग्राम चूरमा, 30 ग्राम उबला हुआ चना तथा मौसम के अनुसार एक फल दिया जाता है। चूरमा से बच्चों को ऊर्जा एवं कैलोरी तथा चने से प्रोटीन प्राप्त होता है, जबकि मौसमी फल विटामिन और खनिज तत्वों का प्राकृतिक स्रोत है। यह पोषण आहार सप्ताह में दो दिन वितरित किया जाता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के वजन एवं लंबाई की नियमित निगरानी की जाती है तथा अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी जाती है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाले पोषण लाभ का नियमित रूप से लाभ दिलाएं।
-------------

 

*****

 


(Release ID: 8694)