Higher Education
युवा ही बनेंगे विकसित भारत के शिल्पकार : दिनेश शेखावत
गांव कुलाना स्थित राजकीय कालेज में‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चेलेंज’कार्यक्रम के तहत कार्यशाला आयोजित
जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के लिए किया प्रेरित
Posted On:
08 Oct 2026 4:00PM
झज्जर, 8 अक्टूबर।
गांव कुलाना स्थित राजकीय महाविद्यालय में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चलेंज’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला संयोजक दिनेश शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए महाविद्यालय से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए करने का आह्वान किया।
नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजक बनें युवा
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति केवल डिग्री हासिल करने से नहीं, बल्कि समस्याओं के नए और प्रभावी समाधान तलाशने से होगी। आज के युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजक और आधुनिक समाधानकर्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि गांवों और कस्बों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उस प्रतिभा को नवाचार और सही दिशा से जोड़ने की है। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, पराली एवं कचरा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा सहित ग्रामीण क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को अपने प्रोजेक्ट और नवाचार से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जब कोई युवा किसी सामाजिक समस्या का तकनीक और रचनात्मक सोच के माध्यम से समाधान तलाशता है, तो वहीं से स्टार्टअप और उद्यमिता की नई शुरुआत होती है।
युवाओं के श्रेष्ठ विचारों को मिलेगा प्रोत्साहन
जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने विद्यार्थियों को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चेलेंज’ की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि नवाचारी विचारों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रोत्साहन और तकनीकी सहयोग के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने बेहतर आइडिया को आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकृत करवाने और इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे एवं सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर अनुशासित, स्वस्थ और राष्ट्रहित को समर्पित जीवन जीने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि नवाचार के साथ चरित्र निर्माण और समाज सेवा की भावना भी युवा जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होनी चाहिए।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर युवा बनें उद्यमी
कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र के उद्योग विस्तार अधिकारी मंजीत दहिया ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सब्सिडी प्रावधान, क्रेडिट गारंटी योजना तथा इनक्यूबेशन सपोर्ट सहित विभिन्न सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के रचनात्मक एवं नवाचारी विचारों को धरातल पर उतारने के लिए वित्तीय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध करा रही है।
यह गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर हरियाणा राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अत्री, हनुमंत सिंह, कृष्ण कुमार, प्रो. नवीन कुमार
सहायक प्रोफेसर सरिता कुमारी, सहायक प्रोफेसर ट्विंकल वर्मा, सहायक प्रोफेसर ज्योति, सहायक प्रोफेसर मीनू डबास, सहायक प्रोफेसर पूनम, सहायक प्रोफेसर पंकज, एक्सटेंशन लेक्चरर नरेश कुमार, उप अधीक्षक यशपाल, राकेश, जूनियर लाइब्रेरियन प्रदीप, तिलू सिंह, सचिन सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
------------------
फोटो: कुलाना स्थित राजकीय महाविद्यालय में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चलेंज’ के तहत आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को संबोधित करते जिला संयोजक दिनेश शेखावत।
----------------
*****
(Release ID: 8701)