खानपुर आंगनबाड़ी केंद्र में गोद भराई रस्म कार्यक्रम का आयोजन
महिला एवं बाल विकास विभाग व वन स्टॉप सेंटर की योजनाओं पर दी जानकारी
नारनौल, 8 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में गतदिवस खानपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गोद भराई रस्म कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक वंदना यादव ने गोद भराई की रस्म संपन्न करवाई और उन्हें उत्तम स्वास्थ्य व पोषण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान वंदना यादव ने महिला एवं बाल विकास विभाग की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं और योजनाओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के तहत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, बालिका शिक्षा के प्रोत्साहन और 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संकट से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे एकीकृत सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि कोई महिला घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, शारीरिक या मानसिक शोषण अथवा किसी अन्य प्रकार की विपत्ति का सामना कर रही है, तो वह वन स्टॉप सेंटर की सहायता ले सकती है। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 181 पर फोन कर भी सहायता ले सकती हैं।
फोटो-गोद भराई रस्म करवाती वंदना यादव व रेनू।
*****